Homeमध्यप्रदेशविनोद अग्रवाल देश के बड़े दानदाताओं में 60वें नंबर पर:24 करोड़ दान...

विनोद अग्रवाल देश के बड़े दानदाताओं में 60वें नंबर पर:24 करोड़ दान किया, लगातार छठी बार हुरुन लिस्ट में शामिल; 10,200 करोड़ की संपत्ति

इंदौर के उद्योगपति और कोयला कारोबारी विनोद अग्रवाल ने देश के बड़े दानदाताओं की सूची में एक बार फिर जगह बनाई है। एडेलगिव हुरुन इंडिया फिलान्थ्रोपी लिस्ट-2026 में वे 24 करोड़ रुपए के घोषित दान के साथ देश में 60वें स्थान पर रहे हैं। खास बात यह है कि वे लगातार छठी बार इस सूची में शामिल हुए हैं। पिछले साल उन्होंने 19 करोड़ रुपए का दान दिया था और 71वां स्थान हासिल किया था। इस बार उनके दान की राशि में 5 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी हुई है। इससे पहले 2024 में 20 करोड़ रुपए के दान के साथ वे 58वें और 2023 में 34 करोड़ रुपए के दान के साथ 31वें स्थान पर रहे थे। वहीं, 2022 में 30 करोड़ रुपए के दान के साथ 34वां और 2021 में 11 करोड़ रुपए के दान के साथ 66वां स्थान हासिल किया था। 10,200 करोड़ की संपत्ति के साथ प्रदेश में सबसे अमीर सितंबर 2026 में जारी एमएम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट-2026 में भी विनोद अग्रवाल ने मध्य प्रदेश के सबसे धनी उद्योगपति के रूप में पहला स्थान हासिल किया था। सूची में उनकी अनुमानित संपत्ति 10,200 करोड़ रुपए आंकी गई थी। इसके साथ वे देश के अमीर उद्योगपतियों की सूची में 365वें स्थान पर रहे थे। अन्नसेवा से स्वास्थ्य और शिक्षा तक चला रहे प्रकल्प विनोद अग्रवाल बालाजी सेवार्थ विनोद अग्रवाल फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं। उनके मार्गदर्शन में फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, अन्नसेवा, गोसेवा, खेलकूद और जनकल्याण से जुड़े कई प्रकल्प संचालित कर रहा है। इनमें उज्जैन का महाकाल अन्नक्षेत्र, अयोध्या का चमेली देवी अग्रवाल अन्नक्षेत्र, अन्नपूर्णा सेवा परियोजना और नीना विनोद अग्रवाल अन्नप्रसादम प्रमुख हैं। इसके अलावा जरूरतमंद बच्चों के हृदय उपचार में सहयोग, नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, शिक्षा और गोसंरक्षण से जुड़ी गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। बोले- व्यापार की सफलता का लाभ समाज को भी मिलना चाहिए विनोद अग्रवाल का कहना है कि ईश्वर ने जो सामर्थ्य दिया है, उसका एक हिस्सा समाज कल्याण में जरूर लगाना चाहिए। व्यापार में मिली सफलता तभी सार्थक है, जब उसका लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचे। समाजसेवा उनके लिए केवल दान नहीं, बल्कि ईश्वर के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और मानवता की सेवा करने का माध्यम है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here