Homeविदेशवर्ल्ड अपडेट्स:ब्रिटेन में एंडी बर्नहैम ने सांसद चुनाव जीता, PM स्टार्मर की...

वर्ल्ड अपडेट्स:ब्रिटेन में एंडी बर्नहैम ने सांसद चुनाव जीता, PM स्टार्मर की कुर्सी खतरे में

इंग्लैंड के ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम ने गुरुवार को ब्रिटिश संसद का उपचुनाव जीत लिया है। उन्हें करीब 25 हजार वोट मिले जो कुल मतों का 55% है। दूसरे नंबर पर नाइजल फराज की रिफॉर्म यूके पार्टी रही, जिसे 35% वोट मिले। मुख्य विपक्षी पार्टी कंजरवेटिव को सिर्फ 997 वोट यानी 2% वोट मिले।
बर्नहैम की यह जीत इसलिए अहम मानी जा रही है, क्योंकि इससे ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर की कुर्सी पर खतरा माना जा रहा है। लेबर पार्टी में बर्नहैम, स्टार्मर के सबसे बड़े विरोधी माने जाते हैं। ऐसे में वे अब पार्टी की लीडरशिप के लिए दावेदारी पेश कर सकते हैं।
लेबर पार्टी के पास 400 से ज्यादा सांसद हैं। ऐसे में बर्नहैम को कम से कम 81 सांसदों के हस्ताक्षर जुटाने होंगे। इसमें उनका अपना नाम भी शामिल होगा। स्टार्मर की लोकप्रियता काफी गिर चुकी है और पार्टी के कई सांसद पहले ही उनके इस्तीफे की मांग कर चुके हैं। इसलिए राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बर्नहैम के लिए यह समर्थन जुटाना मुश्किल नहीं होगा। अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी अन्य बड़ी खबरें… यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद मॉस्को में काली बारिश हुई, सड़कें और गाड़ियां काली पड़ीं रूस की राजधानी मॉस्को और आसपास के कई इलाकों में लोगों ने काली बारिश (ब्लैक रेन) होने की शिकायत की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के साथ कालिख और तेल जैसे चीजें गिर रही थीं, जिससे गाड़ियां, सड़कें और कपड़े काले रंग से ढक गए। दरअसल, यूक्रेन ने गुरुवार को रूस की राजधानी मॉस्को पर अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला किया था। 1000 से ज्यादा ड्रोन मॉस्को की ओर भेजे गए, जिनमें से एक ने शहर की मॉस्को ऑयल रिफाइनरी को निशाना बनाया। हमले के बाद रिफाइनरी में भीषण आग लग गई। यह रिफाइनरी रूस की सरकारी तेल कंपनी गजप्रोम नेफ्ट संचालित करती है और मॉस्को की करीब 40% पेट्रोल तथा 50% डीजल जरूरत पूरी करती है। हमले के बाद पर्यावरण और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। चीन ने पाकिस्तान के साथ 8 पनडुब्बियों का सौदा किया था , 11 साल बाद मिली पहली पनडुब्बी पाकिस्तान ने चीन में निर्मित अपनी नई हैंगोर क्लास पनडुब्बी को शामिल किया है। 1971 के युद्ध और बांग्लादेश के बनने के बाद से यह पहली बार है जब पाकिस्तान बंगाल की खाड़ी में अपनी नौसैनिक उपस्थिति दर्ज कराने का प्रयास कर रहा है। चीन के साथ पनडुब्बी सौदे पर हस्ताक्षर करने के एक दशक से ज्यादा समय बाद पाकिस्तान को पहली पनडुब्बी मिली है। यह सौदा पाकिस्तान के इतिहास का सबसे बड़ा रक्षा अधिग्रहण माना जाता है। अप्रैल 2015 में चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की इस्लामाबाद यात्रा के दौरान पाकिस्तान और चीन के बीच 8 हैंगोर-क्लास पनडुब्बियों की खरीद का समझौता हुआ था। समझौते के अनुसार, इनमें से 4 पनडुब्बियां चीन में बननी थीं और 2022-23 तक पाकिस्तान को सौंप दी जानी थीं। बाकी 4 पनडुब्बियों को कराची शिपयार्ड एंड इंजीनियरिंग वर्क्स (KSEW) में 2028 तक असेंबल किया जाना था। हालांकि, 2026 तक पाकिस्तान नौसेना में सिर्फ एक पनडुब्बी ही शामिल हो पाई है। चीन में बनने वाली बाकी तीन पनडुब्बियां- पीएनएस गाजी, पीएनएस शुशुक और पीएनएस मंग्रो लॉन्च हो चुकी हैं और फिलहाल सी ट्रायल से गुजर रही हैं। यानी चीन में बनी पहली चार पनडुब्बियों को तय समय सीमा तक पाकिस्तान को सौंपने का लक्ष्य पूरा नहीं हो सका। अब अनुमान लगाया जा रहा है कि सभी 8 पनडुब्बियां 2028 से 2030 के बीच पाकिस्तान को मिलेंगी। पनडुब्बी निर्माण के लिए कराची शिपयार्ड में बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है। इसके तहत नया शिप लिफ्ट और ट्रांसफर सिस्टम भी लगाया गया है। इसके बावजूद विशेषज्ञों का कहना है कि किसी नई पनडुब्बी श्रेणी का निर्माण बेहद जटिल और समय लेने वाली प्रक्रिया होती है। पाकिस्तान इससे पहले अगोस्ता 90बी श्रेणी की पनडुब्बी PNS हमजा का निर्माण कर चुका है, जिसे 2008 में नौसेना में शामिल किया गया था। लेकिन हैंगोर-क्लास परियोजना आकार, लागत और तकनीक तीनों मामलों में उससे कहीं बड़ी है। हैंगोर-क्लास पनडुब्बी कार्यक्रम की अनुमानित लागत 4 से 5 अरब डॉलर (करीब 34 से 43 हजार करोड़ रुपए) है। यही वजह है कि इसे पाकिस्तान के इतिहास का सबसे महंगा नौसैनिक कार्यक्रम माना जाता है। UN में भारत ने पाकिस्तान को फ्रेंकेंस्टाइन स्टेट कहा; खुद पाले आतंकियों के निशाने पर आने पर हैरान होता है
संयुक्त राष्ट्र में भारत ने पाकिस्तान को आतंकवाद का संरक्षक बताते हुए उस पर तीखा हमला किया। भारत की प्रथम सचिव अनुपमा सिंह ने पाकिस्तान को “फ्रेंकेंस्टाइन स्टेट” करार देते हुए कहा कि वह आतंकियों को शरण, प्रशिक्षण और समर्थन देता है, फिर जब वही आतंकी उसके खिलाफ होते हैं तो वह खुद को आतंकवाद का पीड़ित बताता है। संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान द्वारा जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने के बाद भारत ने राइट टु रिप्लाई का इस्तेमाल किया। अनुपमा सिंह ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा था, है और रहेगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में एकमात्र अनसुलझा मुद्दा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले भारतीय क्षेत्रों की वापसी है। भारत ने पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में हालात पर भी सवाल उठाए। सिंह ने कहा कि रावलकोट समेत विभिन्न क्षेत्रों में नागरिकों की मौत और दमनकारी कार्रवाई उस व्यवस्था का नतीजा है, जो जबरन कब्जे और दमन पर आधारित है। उन्होंने आरोप लगाया कि दशकों से सैन्य कब्जे, जनसांख्यिकीय बदलाव और बुनियादी अधिकारों के हनन ने हालात को गंभीर बना दिया है। भारतीय राजनयिक ने कहा कि पाकिस्तान के रक्षा मंत्री स्वयं आतंकियों को शरण देने और प्रशिक्षण देने की बात स्वीकार कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आतंकवाद को राज्य की नीति के तौर पर इस्तेमाल करता है, लेकिन साथ ही खुद को आतंकवाद का शिकार भी बताता है। सिंधु जल संधि पर भारत का पक्ष रखते हुए सिंह ने कहा कि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला देश सहयोग और सद्भावना पर आधारित व्यवस्थाओं के लाभ की अपेक्षा नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि 1960 में हुई संधि आज की परिस्थितियों में पुरानी हो चुकी है और बदलते वैश्विक परिदृश्य के अनुरूप इसकी समीक्षा जरूरी है। मेडल ऑफ ऑनर पहनाने में उलझे ट्रम्प; सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प गुरुवार को मेडल ऑफ ऑनर समारोह के दौरान एक असहज स्थिति में नजर आए। अमेरिकी सेना के मेजर निकोलस डॉकरी को देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान प्रदान करते समय वे पदक का क्लैस्प लगाने में संघर्ष करते दिखे। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उनकी आलोचना शुरू हो गई। समारोह के दौरान ट्रम्प ने पहले मेजर डॉकरी के गले में मेडल डाला, लेकिन क्लैस्प लगाने में सफल नहीं हो सके। वीडियो में देखा जा सकता है कि वे कुछ समय तक पदक को ठीक करने की कोशिश करते हैं और अंत में बैंड को गांठ की तरह बांध देते हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर ट्रम्प की आलोचना शुरू हो गई। कई यूजर्स ने मेडल पहनाने में लगी देरी और उनके तरीके पर टिप्पणी की। मेडल ऑफ ऑनर अमेरिका का सर्वोच्च सैन्य सम्मान है, जो युद्ध या सैन्य अभियानों में असाधारण वीरता दिखाने वाले सैन्यकर्मियों को प्रदान किया जाता है। ब्रिटेन के ग्रूमिंग गैंग विवाद पर बोले एलन मस्क: दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख इलॉन मस्क ने ब्रिटेन में कथित ग्रूमिंग गैंग मामलों को लेकर चल रही बहस में हस्तक्षेप किया है। एक हालिया रिपोर्ट के बाद सोशल मीडिया पर उठे विवाद के बीच मस्क ने दोषियों और मामले को कथित तौर पर दबाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग का समर्थन किया। रिस्टोर ब्रिटेन के नेता रूपर्ट लोव द्वारा जारी ‘रेप गैंग्स रिपोर्ट’ में दावा किया गया है कि कई वर्षों तक देश के विभिन्न हिस्सों में संगठित गिरोहों ने बड़ी संख्या में लड़कियों का यौन शोषण किया। रिपोर्ट में स्थानीय प्रशासन, पुलिस और अन्य संस्थाओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। रिपोर्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई तीखी टिप्पणियां सामने आईं। एक पोस्ट में दोषियों के खिलाफ अत्यंत कठोर दंड की मांग की गई, जिस पर मस्क ने “Yes” लिखकर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद उनकी टिप्पणी व्यापक चर्चा का विषय बन गई। मस्क ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि जिन राजनेताओं ने इस मुद्दे को नजरअंदाज किया, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। वहीं, रिपोर्ट जारी करने वाले रूपर्ट लोव ने भी उन अधिकारियों और नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है, जिन पर मामले को दबाने या नजरअंदाज करने के आरोप हैं। नाइजर के सबसे बड़े एयरपोर्ट पर आतंकी हमला: 35 की मौत; 22 हमलावर ढेर
पश्चिम अफ्रीकी देश नाइजर की राजधानी नियामे स्थित डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार सुबह हुए आतंकी हमले में 35 लोगों की मौत हो गई। नाइजर के रक्षा मंत्रालय के अनुसार मृतकों में 22 हमलावर, 11 सैनिक और 2 नागरिक शामिल हैं। अल-कायदा से जुड़े संगठन जमाअत नस्रत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन (JNIM) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह की नमाज के तुरंत बाद एयरपोर्ट क्षेत्र से धमाकों और गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं। यह एयरपोर्ट देश का सबसे महत्वपूर्ण नागरिक और सैन्य केंद्र माना जाता है। सुरक्षा बलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए 22 हमलावरों को मार गिराया, जबकि 4 अन्य घायल हुए हैं। अधिकारियों ने 20 संदिग्धों की गिरफ्तारी की भी पुष्टि की है। कार्रवाई के दौरान RPG-7 लॉन्चर, AK-47 राइफलें, ग्रेनेड, विस्फोटक सामग्री, संचार उपकरण और हजारों कारतूस बरामद किए गए हैं। डियोरी हमानी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पिछले पांच महीनों में दूसरी बार आतंकियों के निशाने पर आया है। जनवरी में हुए हमले में चार सैनिक घायल हुए थे और 20 हमलावर मारे गए थे। उस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक स्टेट से जुड़े संगठन ने ली थी। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में गोलीबार; 17 वर्षीय किशोर हिरासत में
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल टाइम्स स्क्वायर में गुरुवार को हुई गोलीबारी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। न्यूयॉर्क पुलिस विभाग (NYPD) ने एक 17 वर्षीय किशोर को हिरासत में लिया है। घटना से पहले एक व्यक्ति पर चाकू से हमला भी किया गया था। पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 3:30 बजे ब्रॉडवे पर वेस्ट 44वीं और 45वीं स्ट्रीट के बीच एक बड़े समूह के लोगों के बीच विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान 26 वर्षीय एक व्यक्ति के गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि कुछ ही देर बाद 17 वर्षीय किशोर ने उसी समूह की ओर गोलीबारी की। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, हालांकि उसके खिलाफ अभी तक औपचारिक आरोप तय नहीं किए गए हैं। इसके बाद वेस्ट 45वीं स्ट्रीट और 8 एवेन्यू के पास दूसरी गोलीबारी की घटना भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक, दोनों गोलीबारी की घटनाओं में किसी को गोली नहीं लगी। घटनास्थल से एक हथियार बरामद किया गया है और मामले की जांच जारी है। अधिकारियों ने बताया कि कुछ अन्य लोगों से भी पूछताछ की जाएगी। गोलीबारी की आवाज सुनते ही टाइम्स स्क्वायर में मौजूद लोगों के बीच भगदड़ मच गई। कई लोग आसपास की दुकानों और रेस्तरां में शरण लेने के लिए दौड़ पड़े। ब्रिटिश अभिनेत्री 320 किलो मेथ तस्करी के आरोप में ऑस्ट्रेलिया में गिरफ्तार
ब्रिटिश अभिनेत्री एमा हुसैन पर ऑस्ट्रेलिया में लगभग 320 किलोग्राम मेथामफेटामाइन की तस्करी की कोशिश का आरोप लगा है। ऑस्ट्रेलियाई पुलिस के अनुसार, ड्रग्स को कोयले की बोरियों में छिपाकर घाना से सिडनी भेजा गया था। मामले में दोषी पाए जाने पर उन्हें उम्रकैद तक की सजा हो सकती है। 34 वर्षीय एमा हुसैन गुरुवार को सिडनी की अदालत में पेश हुईं। उन पर व्यावसायिक मात्रा में मेथामफेटामाइन आयात करने की कोशिश का आरोप लगाया गया है। अदालत पहले ही उनकी जमानत याचिका खारिज कर चुकी है और अगली सुनवाई अगस्त में निर्धारित की गई है। हुसैन ब्रिटेन के चर्चित टीवी शो EastEnders के स्पिन-ऑफ E20 में ‘नाज’ की भूमिका निभा चुकी हैं। वह जेसन स्टैथम की 2013 में रिलीज हुई फिल्म हमिंगबर्ड में भी नजर आई थीं। ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों ने अप्रैल में जांच शुरू की थी, जब घाना से सिडनी के पोर्ट बोटनी पहुंचे दो शिपिंग कंटेनरों में संदिग्ध सामग्री पाई गई। दस्तावेजों में इन्हें चारकोल बैग्स बताया गया था, लेकिन एक्स-रे जांच में सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ मिला, जिसकी जांच में मेथामफेटामाइन होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने कंटेनरों से ड्रग्स निकालने के बाद उन्हें नियोजित स्थान तक पहुंचने दिया। जांच एजेंसियों का आरोप है कि एमा हुसैन सिडनी के गिरावीन स्थित स्टोरेज सुविधा पर पहुंचीं और कंटेनर से सामान उतारने की निगरानी की। बाद में उन्हें ब्लैकटाउन इलाके से गिरफ्तार किया गया। मामले में एडिलेड से एक महिला और एक पुरुष को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उन्होंने फर्जी पहचान का उपयोग कर उन स्टोरेज यूनिट्स को किराए पर लिया था जहां कंटेनर पहुंचाए गए थे। PM मोदी ने स्लोवाकिया के स्पीकर रिचर्ड रासी को भेंट किया ठेकुआ
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के स्पीकर रिचर्ड रासी को पारंपरिक भारतीय मिठाई ‘ठेकुआ’ उपहार में भेंट की। बिहार और झारखंड की यह प्रसिद्ध मिठाई भारतीय सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और त्योहारों की समृद्ध पहचान को दर्शाती है। ठेकुआ गेहूं के आटे, गुड़ या चीनी, सौंफ और घी से तैयार किया जाता है। इसका सबसे अधिक महत्व छठ पूजा के दौरान होता है। बिहार और झारखंड में मनाए जाने वाले इस प्रमुख पर्व में ठेकुआ प्रसाद के रूप में तैयार किया जाता है और श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाता है। समय के साथ यह व्यंजन क्षेत्रीय सीमाओं से निकलकर भारतीय सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बन गया है। विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को भारतीय संस्कृति से जुड़े विशेष उपहार देने की परंपरा के तहत ठेकुआ का चयन भारत की विविध खाद्य परंपराओं और क्षेत्रीय विरासत को दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक प्रयास माना जा रहा है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here