मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बूढ़ा बाउर में गुरुवार को खेत की जमीन को लेकर दो पड़ोसी पक्षों में झड़प हो गई। इस खूनी संघर्ष में 58 वर्षीय एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पंचायत भवन के पास हुआ हमला मृतक की पहचान विश्राम साकेत (58) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गांव के पंचायत भवन के पास स्थित खेत की जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हुआ था। कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई और लाठी-डंडों से हुए हमले में विश्राम साकेत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल में भर्ती कराए गए घायल इस हिंसक झड़प में घायल हुए दो अन्य लोगों को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा है। दोनों घायलों को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और उनका इलाज जारी है। फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सुरक्षित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
