किसी भी शहर में पहुंचने का झांसा, MPCA ने कहा- किसी को नहीं दिए बल्क टिकट, झांसे में न आएं इंदौर के होलकर स्टेडियम में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट फैंस में भारी उत्साह है। इसकी बुकिंग खुलने के शुरुआती दो घंटों के भीतर ही सारे टिकट बिक गए थे। अब टिकटों की इसी मारामारी का फायदा साइबर ठग और दलाल उठा रहे हैं। ये जालसाज सोशल मीडिया पर मनचाही गैलरी में सीट दिलाने का दावा कर रहे हैं। टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए एमपीसीए ने नियम बनाया था कि एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ही खरीद सकेगा और इसके लिए एडवाइजरी भी जारी की थी। लेकिन सोशल मीडिया पर कई पेज सक्रिय हैं, जो दावा कर रहे हैं कि उनके जरिए एक व्यक्ति चाहे जितने टिकट ले सकता है। गौरतलब है कि इससे पहले जब एमपीसीए ने टिकटों की दरें तक तय नहीं की थी, तब भी सोशल मीडिया पर 800 से 7 हजार रुपए में बुकिंग के दावे किए जा रहे थे। अब सारे टिकट बिकने के बाद इन ठगों ने एडवांस राशि के नाम पर ठगी का नया तरीका निकाल लिया है। फर्जी स्क्रीनशॉट से भरोसा जीतने की कोशिश 1. इन दावों की सच्चाई जानने के लिए जब सोशल मीडिया लिंक के जरिए मोबाइल नंबर (+91810349068 और +916291807810) पर संपर्क किया गया, तो दलालों ने बताया कि उनके पास ईस्ट गैलरी के 1200 रुपए से लेकर साउथ पवेलियन तक के 15 हजार रुपए के टिकट उपलब्ध हैं।
2. जब उनसे ‘एक व्यक्ति चार टिकट’ के नियम के बारे में पूछा गया, तो दलाल का कहना था कि ये नियम डायरेक्ट बुकिंग के लिए हैं। उन्होंने अधिकृत चैनल पार्टनर से डील कर बल्क में टिकट होल्ड कर लिए हैं, इसलिए जिस भी स्टैंड के जितने टिकट चाहिए, आसानी से मिल जाएंगे।
3. बुकिंग पक्की करने के लिए दलाल टिकट की कुल कीमत का 10 प्रतिशत एडवांस मांग रहे हैं। जब एडवांस देने से इनकार किया, तो दलाल ने व्हाट्सएप कॉल कर दबाव बनाया कि एडवांस जरूरी है। उसने झांसा दिया कि एडवांस के बाद की प्रक्रिया एप के जरिए करनी होगी और आप जिस शहर में हैं, वहीं टिकट उपलब्ध करा दिए जाएंगे। जब गारंटी मांगी गई, तो दलाल ने भरोसा दिलाने के लिए व्हाट्सएप पर अन्य लोगों द्वारा किए गए पेमेंट के स्क्रीनशॉट भेज दिए। जालसाजी का स्टेप-बाय-स्टेप प्रोसेस
बुकिंग कन्फर्मेशन के लिए 10% एडवांस : सबसे पहले, टिकट की राशि का 10% अमाउंट बुकिंग कन्फर्मेशन के तौर पर ऑनलाइन (यूपीआई/बैंक ट्रांसफर) जमा करना होगा।
ईमेल पर एम-टिकट: एडवांस मिलने के बाद रजिस्टर्ड ईमेल पर बुकिंग आईडी और सीट नंबर के साथ एक एम-टिकट भेज दिया जाएगा।
बाकी पेमेंट और लॉगिन एक्सेस: एम-टिकट मिलने के बाद, बाकी पेमेंट करना होगा। दावा है कि इसके बाद फोन या डिवाइस पर टिकट का फाइनल लॉगिन एक्सेस मिल जाएगा। स्टेडियम के सभी टिकट ऑनलाइन बिके, भुगतान न करें
सोशल मीडिया की इन पोस्ट पर एमपीसीए सचिव सुधीर असननी का कहना है कि मैच के सभी टिकट ऑनलाइन बेचे गए हैं। किसी भी व्यक्ति या चैनल पार्टनर को बल्क (थोक) में टिकट नहीं दिए हैं। 11 अक्टूबर को होलकर स्टेडियम में होने वाले मैच के सभी टिकट बिक चुके हैं, इसलिए सोशल मीडिया के झांसे में आकर किसी को भी पेमेंट न करें।
