Homeछत्तीसगढ़मैनपाट में बहे केरल के युवक की लाश मिली:युवती की जान बची,...

मैनपाट में बहे केरल के युवक की लाश मिली:युवती की जान बची, 5 दिन तेज बारिश का अलर्ट, कोरबा में घरों में घुसा पानी

छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज से बारिश की रफ्तार में बढ़ोतरी होगी। इस दौरान कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। इस बीच कोरबा शहर का दादर नाला उफान पर है। शनिवार सुबह नाला पार कर रही स्कॉर्पियो पानी के तेज बहाव में डूब गई। गाड़ी में सवार तीन दोस्तों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आधे घंटे बाद गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया गया। इसके अलावा कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर आ गया। इससे सड़क पूरी तरह मिट्टी और कीचड़ से भर गई। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार पूरी तरह मिट्टी में डूब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। इधर सरगुजा के मैनपाट घूमने आए युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा। उसने करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन युवक नदी के तेज बहाव में बह गया और डूब गया। रविवार सुबह युवक का शव करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। युवक-युवती रायपुर से मैनपाट घूमने आए थे। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है। देखिए ये तस्वीरें- लगातार बारिश से एशिया के पहले ऑटोमेटिक साइफन बांध मॉडमसिल्ली का गेट खुल गया है। धमतरी जिले में लगातार बारिश के चलते बांध का जलस्तर 98.82% तक पहुंच गया, 100% जलभराव होने पर बांध के गेट अपने आप खुल जाते हैं। प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। बंगाल-ओडिशा तट के पास लो प्रेशर एरिया मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे पश्चिम बंगाल-उत्तर ओडिशा तट के पास बना कम दबाव का क्षेत्र सक्रिय है। इससे जुड़ा सिस्टम समुद्र तल से करीब 7.6 किमी की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 48 घंटे में और मजबूत होने और पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में उत्तर ओडिशा और गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है। अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम अगले 5 दिनों के दौरान ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है। अलग-अलग जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। रायपुर में बादल, बारिश के आसार रायपुर शहर में 30 अगस्त को सामान्य रूप से बादल छाए रहने और कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 27°C और न्यूनतम तापमान 24°C के आसपास रह सकता है। अंबिकापुर सबसे गर्म, पेंड्रा रोड में सबसे कम तापमान प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28.9°C अंबिकापुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 22°C पेंड्रा रोड में रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 4% कम है। अब बारिश की गतिविधि बढ़ने से आने वाले दिनों में बारिश के आंकड़ों में सुधार होने की संभावना है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here