सतना जिले के रामपुर बघेलान बायपास स्थित एक शराब दुकान में जिला पंचायत सदस्य एकता सिंह के पति अनूप सिंह उर्फ अन्नू सिंह (मतहा) द्वारा कथित तौर पर हंगामा करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि सोमवार शाम करीब 6:30 बजे अन्नू सिंह अपने बेटे श्रेयस के साथ दुकान पहुंचे और मुफ्त शराब की मांग की। सेल्समैन द्वारा इनकार करने पर दोनों ने गाली-गलौज और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। देखें घटनाक्रम की तीन तस्वीरें विवाद के बाद कार से कुचलने की कोशिश की
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान अन्नू सिंह ने गुस्से में सेल्समैन को अपनी कार से कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने कथित तौर पर वाहन को कई बार आगे-पीछे कर कर्मचारी की ओर दौड़ाया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, कर्मचारी किसी तरह बच निकलने में सफल रहा। ठेकेदार ने दर्ज कराई शिकायत
शराब ठेकेदार की ओर से इस पूरे मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई है। घटना का सीसीटीवी फुटेज और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हंगामा साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, पुलिस की ओर से इस मामले में अब तक किसी ठोस कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपी का क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव है। हाल ही में उसके बेटे श्रेयस पर भी एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला दर्ज हुआ था, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। फिलहाल, वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
