मास्टर प्लान की सड़क में बाधक बन रहे मकानों पर निगम की टीम ने कार्रवाई की। गुरुवार सुबह निगम की चार टीमें 5 जेसीबी और 5 पोकलेन मशीनों के साथ जिंसी क्षेत्र में पहुंची। यहां जिंसी चौराहे से लक्ष्मीबाई प्रतिमा तक 16 बाधक मकान तोड़े गए। मार्ग के बीच कुल 78 मकान बाधक बन रहे हैं, जिनसे अतिक्रमण हटाना है। कार्रवाई के दौरान कुछ जगह निगम अधिकारियों व रहवासियों के बीच बहस भी हुई। अधिकारियों ने बताया नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही अतिक्रमण हटाए जा रहे हैं। इस सड़क के बनने से बड़ा गणपति, मल्हारगंज क्षेत्र से उज्जैन रोड, मरीमाता और सुपर कॉरिडोर की ओर आवाजाही आसान होगी। 80 फीट की जगह अब 60 फीट चौड़ी सड़क मास्टर प्लान में यह सड़क 80 फीट चौड़ी प्रस्तावित थी, लेकिन रहवासियों का कहना था कि इससे कई मकान पूरी तरह टूट जाएंगे। रहवासियों का तर्क था कि चौड़ाई कम होने से अधिकांश मकानों के कुछ हिस्से बच जाएंगे। मामले में लंबे समय से विवाद की स्थिति बनी हुई थी। महापौर और बाद में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी क्षेत्र का दौरा कर रहवासियों से चर्चा की थी। इसके बाद चौड़ाई घटाकर 60 फीट चौड़ी सड़क बनाने पर सहमति बनी। छावनी क्षेत्र में भी आज से शुरू हो सकती है कार्रवाई नगर निगम अब छावनी क्षेत्र में भी सड़क चौड़ीकरण की तैयारी कर रहा है। मधुमिलन चौराहे से जगन्नाथ स्कूल तक सड़क को 60 फीट चौड़ा किया जाएगा। यहां भी पहले 80 फीट चौड़ाई को लेकर विरोध था। निगम अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार से यहां भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू हो सकती है। शहर में मास्टर प्लान की 23 सड़कों के लिए 423 करोड़ के टेंडर जारी हो चुके हैं।
