मंदसौर के सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहे पर स्मार्ट मीटर के विरोध में शुक्रवार शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन ढाई घंटे बाद अधिकारियों की समझाइश और आश्वासन पर रात करीब 8:30 बजे समाप्त हो गया। तहसीलदार और विद्युत कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे, उन्होंने प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे जिला पंचायत सदस्य दीपक सिंह गुर्जर से चर्चा की और आश्वासन दिया कि स्मार्ट मीटर से बढ़े हुए बिजली बिल और अन्य शिकायतों का समाधान सात दिनों के भीतर करने का प्रयास किया जाएगा। करीब आधे घंटे तक चली चर्चा के बाद प्रदर्शन समाप्त करने पर सहमति बनी। इसके बाद धरने पर अपने स्मार्ट मीटर लेकर पहुंचे लोग अपने-अपने घर लौट गए। दरअसल, कई परिवार अपने घरों से स्मार्ट मीटर निकालकर प्रदर्शन में ले आए थे, जिससे उनके घरों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई थी। ऐसे में बिजली दोबारा चालू करने के लिए मीटर वापस लगाना आवश्यक था। दीपक बोले- हाईकोर्ट में याचिका लगाएंगे
प्रदर्शन समाप्त होने के बाद दीपक सिंह गुर्जर ने कहा कि विद्युत कंपनी के अधिकारियों ने सात दिन में समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है, अब उन्हें इस पर अमल करके दिखाना चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि स्मार्ट मीटर के विरोध में हाईकोर्ट में भी एक याचिका दायर की जा रही है। दीपक सिंह गुर्जर ने कहा कि यह केवल मंदसौर का नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र का मुद्दा है। जावरा, सुवासरा, शामगढ़ सहित अन्य क्षेत्रों में भी स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। ऐसे में सभी प्रभावित क्षेत्रों को साथ लेकर जल्द ही बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, ताकि प्रदेश सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से निर्णय ले।
