मंदसौर भगवान पशुपतिनाथ महादेव की शाही पालकी यात्रा सोमवार को निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 10:30 बजे पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से शुरू होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए रात करीब 8 बजे वापस मंदिर पहुंचेगी। यात्रा को देखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। बड़े वाहनों और बसों के लिए कुछ मार्गों पर प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सुबह 10:30 बजे शुरू होगी पालकी यात्रा शाही पालकी यात्रा शयनकाल आरती युवा पालकी मंडल के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। यात्रा पशुपतिनाथ मंदिर से शुरू होकर प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, धान मंडी, बड़ा चौक, गणपति चौक, वरुण देव मंदिर, माहेश्वरी धर्मशाला, आरके हॉस्पिटल, गोल चौराहा, सरदार पटेल चौराहा, गांधी चौराहा, बस स्टैंड, घंटाघर और सदर बाजार से होकर गुजरेगी। इसके बाद पालकी वापस मंदिर परिसर पहुंचेगी। यात्रा का समापन रात करीब 8 बजे मंदिर परिसर में शयन आरती और विसर्जन के साथ होगा। आयोजकों को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। फूलों से सजी पालकी और झांकियां रहेंगी आकर्षण भगवान पशुपतिनाथ महादेव की पालकी को फूलों और पारंपरिक आभूषणों से सजाया जाएगा। यात्रा में बैंड, नासिक ढोल और शहनाई की प्रस्तुतियां होंगी। इसके अलावा खाटू श्यामजी, राधा-कृष्ण रास, कमल का फूल और श्री महाकाल-रावण की झांकियां शामिल होंगी। अघोरी ग्रुप, अखाड़ों के प्रदर्शन और क्रेन पर शिव-पार्वती की झांकी भी यात्रा का हिस्सा रहेगी। यात्रा में महाकाल पालकी, नित्य बालिकाएं, अगरबत्ती, जल व्यवस्था वाहन और नगर पालिका की स्वच्छता गाड़ी भी शामिल रहेगी। बड़े वाहनों और बसों के लिए इन रास्तों पर रोक यातायात व्यवस्था के तहत 10 नंबर नाका से प्रतापगढ़ पुलिया और प्रतापगढ़ पुलिया से कोर्ट घाटी मार्ग तक बड़े वाहनों और बसों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। प्रतापगढ़ से मंदसौर आने-जाने वाली बसें नयाखेड़ा मार्ग का उपयोग कर सकेंगी। पशुपतिनाथ मंदिर की बड़ी पुलिया पर पूरे दिन दो पहिया, तीन पहिया और चार पहिया वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। दो पहिया वाहन पशुपतिनाथ मंदिर की छोटी पुलिया से खिलजीपुरा और चंद्रपुरा की ओर आ-जा सकेंगे। चंद्रपुरा और खिलजीपुरा जाने वाले अन्य वाहन मेनपुरिया चौराहा या बाईपास-नालछा माता मंदिर मार्ग से जा सकेंगे। पालकी के गुजरने पर कुछ समय के लिए बंद होंगे रास्ते पालकी सवारी के शहर भ्रमण के दौरान जिस मार्ग से पालकी गुजरेगी, उसे जरूरत के अनुसार बंद किया जाएगा। यातायात पुलिस वाहनों को दूसरे रास्तों पर भेजेगी। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए नई पार्किंग, चंद्रपुरा और छोटी पुलिया के नदी किनारे मार्ग पर साइड में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करने की अपील की है। हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद आयोजन समिति ने नगरवासियों से परिवार सहित शाही पालकी यात्रा में शामिल होने की अपील की है। श्रद्धालुओं से ‘हर हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष के साथ यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया है। पुलिस और प्रशासन ने वाहन चालकों व श्रद्धालुओं से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने और निर्धारित मार्गों व पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की है।
