भोपाल एयरपोर्ट के ऑनलाइन टैक्सी चालकों की 23, 24 और 25 जून को प्रस्तावित हड़ताल स्थगित कर दी गई है। टैक्सी चालकों ने एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ हड़ताल का ऐलान किया था। उनका दावा था कि किसी भी ऑनलाइन बुकिंग को स्वीकार नहीं करेंगे। हालांकि, सोमवार रात भोपाल टैक्सी चालक संघ (भारतीय मजदूर संघ सम्बद्ध) ने बताया कि धरना-प्रदर्शन की अनुमति रद्द कर दी गई है। संगठन का कहना है कि 23, 24 और 25 जून को एयरपोर्ट गांधी नगर क्षेत्र में प्रदर्शन के लिए अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन और गांधी नगर थाना ने वीवीआईपी मूवमेंट का हवाला देकर इसे निरस्त कर दिया। संघ ने इसे गरीब ड्राइवरों की आवाज दबाने की कोशिश बताते हुए कहा कि उनकी हमेशा से नीति रही है कि किसी भी आंदोलन को नियमों के तहत और अनुमति लेकर ही किया जाए। संगठन ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं फैलाना चाहता, बल्कि अपने हक की लड़ाई संवैधानिक तरीके से लड़ रहा है। संघ ने चेतावनी दी है कि वह जल्द ही दोबारा अनुमति लेकर एग्रीगेटर कंपनियों के विरोध में और उग्र आंदोलन करेगा। पहले भी दिया जा चुका है ज्ञापन, अब आंदोलन संघ के महामंत्री राजेश कुमार नागले ने बताया कि इससे पहले 7 फरवरी और 12 जून को बोर्ड ऑफिस चौराहे पर सांकेतिक धरना देकर शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। यह कदम ड्राइवरों की आजीविका बचाने के लिए जरूरी हो गया है। संघ ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मांगें नहीं मानी गईं तो शहर में टैक्सी और ऑटो सेवाएं पूरी तरह ठप कर दी जाएंगी, जिससे आमजन को और अधिक परेशानी उठानी पड़ सकती है। ‘किराया बढ़ाना ही एकमात्र समाधान’ संघ ने स्पष्ट किया है कि उनका मुख्य मुद्दा सरकार द्वारा तय किराए को लागू कराना है। आरोप है कि एग्रीगेटर कंपनियां एक प्रावधान का हवाला देकर निर्धारित दर से भी कम भुगतान कर रही हैं। रोजाना 4,500 से ज्यादा यात्री कर रहे सफर
अप्रैल 2026 के आंकड़ों के अनुसार एयरपोर्ट से कुल 1,38,060 यात्रियों ने सफर किया। औसतन देखा जाए तो एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 4,500 से अधिक यात्री यात्रा कर रहे हैं। फ्लाइट संचालन की बात करें तो एयरपोर्ट से रोजाना करीब 34 से 36 शेड्यूल्ड उड़ानें संचालित हो रही हैं। इनमें दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 6 से 7 उड़ानें, मुंबई के लिए 4, बेंगलुरु और हैदराबाद के लिए 2-2 उड़ानें शामिल हैं। इसके अलावा रायपुर, पुणे और अहमदाबाद के लिए भी प्रतिदिन 1-1 उड़ान उपलब्ध है। यह खबर भी पढ़ें… भोपाल में टैक्सी ड्राइवरों ने कटोरा लेकर मांगी भीख भोपाल में ऐप आधारित टैक्सी सेवाओं के खिलाफ शुक्रवार को अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। भोपाल टैक्सी चालक संघ के बैनर तले बड़ी संख्या में ड्राइवर बोर्ड ऑफिस चौराहे पर इकट्ठा हुए और फटे कपड़े पहनकर कटोरा लेकर प्रतीकात्मक भीख मांगते नजर आए। पढ़ें पूरी खबर…
