भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र के चांदौख गांव निवासी 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। युवक बुधवार रात में पशुशाला में सोने गया था, जहां सोते समय उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया। शुक्रवार सुबह परिजनों को उसका शव चारपाई पर मिला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने हत्या के संदेहियों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज करने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे-552 पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस के अनुसार, शव की पहचान विश्व प्रताप सिंह राजावत उर्फ वीपी सिंह (35), निवासी चांदौख के रूप में हुई। वह गुरुवार रात करीब 10 बजे खाना खाने के बाद गांव के पास स्थित पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजन मवेशियों की देखभाल के लिए पहुंचे तो वह चारपाई पर मृत अवस्था में मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान थे। शुरुआती तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका जताई जा रही है। दो-तीन दिन पहले हुआ था विवाद
परिजनों ने परिवार के कुछ नजदीकी लोगों पर हत्या का संदेह जताया है। उनका कहना है कि संबंधित लोगों के साथ लंबे समय से पुरानी बातों को लेकर विवाद चल रहा था। दो-तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। परिजनों को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया। हालांकि, आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। FIR की मांग पर हाईवे पर लगाया जाम
पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर पहुंचे और सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि संदेह के आधार पर बताए जा रहे लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की जाए। पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच करने की बात पर परिजनों ने विरोध जताया। इसके बाद मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई। एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि वीपी सिंह की हत्या के मामले में जांच की जा रही है। परिजनों की बात सुनी गई है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
