इंदौर के अलग-अलग वार्डों से सामने आ रही जनसमस्याओं के समाधान में दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। इस मंच के जरिए नागरिक अपनी समस्याएं सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचा रहे हैं, जिसके बाद कई मामलों में त्वरित कार्रवाई भी देखने को मिल रही है। शिकायत पोस्ट होते ही जिम्मेदार सक्रिय हो रहे हैं और लोगों को राहत मिल रही है। आमजन से जुड़ी जनसमस्याएं और शहर की जमीनी हकीकत पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें… वार्ड 64 के पार्षद मनीष शर्मा बनें आज के ‘पब्लिक स्टार’ वार्ड 64 के शिवमोती नगर, नवलखा रोड निवासी नरेंद्र बाफना ने सड़क पर टूटे चैम्बर की शिकायत ‘भास्कर समाधान’ पर पोस्ट की थी। उनका कहना था कि चैम्बर क्षतिग्रस्त होने से राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। शिकायत सामने आते ही आज के ‘पब्लिक स्टार’ पार्षद मनीष शर्मा ने तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित विभाग से चैम्बर की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान कराया। अब स्थानीय लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है। एप से लोगों को मिल रहा समाधान सांचार नगर: एंट्री रोड के गड्ढे भरे, आवागमन हुआ आसान वार्ड 41 के कनारिया रोड, सांचार नगर निवासी रूपेश वर्मा ने ‘भास्कर समाधान’ पर एंट्री रोड पर बने गड्ढों की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना था कि सड़क खराब होने से रोजाना वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी होती थी। शिकायत पोस्ट होने के बाद पार्षद प्रणव मंडल ने तत्काल संज्ञान लिया और सड़क के सभी गड्ढे भरवा दिए। अब सड़क पहले की तुलना में सुरक्षित हो गई है और लोगों को आवागमन में राहत मिली है। विजय नगर: प्लॉट के पास कचरे का ढेर, गंदगी से लोग परेशान वार्ड-34 के विजय नगर निवासी विकास रघुवंशी ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट कर बताया कि स्कीम-78 के प्लॉट नंबर-213 के पास सड़क किनारे लंबे समय से कचरे का ढेर लगा हुआ है। इससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है। बारिश के दौरान यहां जलभराव भी हो जाता है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। शिकायतकर्ता ने नियमित सफाई कर कचरा हटाने और क्षेत्र को स्वच्छ रखने की मांग की है। द्वारकापुरी: स्कूल के पास गहरा गड्ढा, बच्चों की सुरक्षा पर खतरा वार्ड-82 के द्वारकापुरी निवासी नितिन सोनी ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि स्कूल के पास लंबे समय से गहरा गड्ढा खुला पड़ा है। बारिश के दिनों में इसमें पानी भर जाता है, जिससे इसकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। रोजाना इसी रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। शिकायतकर्ता ने गड्ढे को जल्द भरवाने की मांग की है। ट्रेजर फैंटेसी: इंडस्ट्रीज का कचरा सड़क किनारे, गंदगी से लोग परेशान वार्ड-79 के ट्रेजर फैंटेसी, राजा रामन्ना सेंटर क्षेत्र के निवासी ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट की है। उनका कहना है कि आसपास संचालित छोटी इंडस्ट्रीज अपना औद्योगिक कचरा सड़क किनारे फेंक रही हैं। इससे पूरे इलाके में गंदगी और बदबू फैल रही है तथा आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य पर भी खतरा बढ़ रहा है। शिकायतकर्ता ने नियमित सफाई कराने और कचरा फैलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है। आनंद नगर: नर्मदा लाइन से गंदा पानी, स्वास्थ्य पर खतरा वार्ड 64 के चितावड़ रोड स्थित आनंद नगर निवासी राम मालवीय ने ‘भास्कर समाधान’ पर शिकायत पोस्ट की है। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नर्मदा लाइन से गंदा और मटमैला पानी सप्लाई हो रहा है। इससे लोगों को पीने और घरेलू उपयोग में परेशानी हो रही है। दूषित पानी के कारण बीमारियां फैलने की आशंका भी बनी हुई है। शिकायतकर्ता ने पानी की गुणवत्ता की जांच कर जल्द स्वच्छ जलापूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म दैनिक भास्कर एप का ‘भास्कर समाधान’ देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी अपने क्षेत्र की सिविक समस्याएं सीधे पोस्ट कर सकते हैं। शिकायतें संबंधित जनप्रतिनिधियों और विभागों तक तेजी से पहुंचती हैं, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया पहले से अधिक प्रभावी और पारदर्शी बन रही है। अधिकारी भी साझा कर सकेंगे कार्रवाई की जानकारी इस प्लेटफॉर्म पर संबंधित अधिकारी भी अपनी कार्रवाई की जानकारी साझा कर सकते हैं। शिकायत की लोकेशन मैप पर उपलब्ध रहती है, जिससे संबंधित विभाग मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर सके। समाधान होने के बाद इसकी जानकारी शिकायतकर्ता को एप के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है। ‘भास्कर समाधान’ बदलाव की दिशा में प्रभावी पहल ‘भास्कर समाधान’ आमजन और प्रशासन के बीच एक मजबूत डिजिटल सेतु बन चुका है। इसका उद्देश्य शहर की छोटी-बड़ी समस्याओं को रियल टाइम में जिम्मेदार विभागों तक पहुंचाना और उनके त्वरित समाधान को बढ़ावा देना है। यह मंच नागरिकों को अपनी बात प्रभावी ढंग से रखने और प्रशासन को जवाबदेह बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
