बुरहानपुर में एसपी आशुतोष बागरी के निर्देश पर सोमवार शाम पुलिस बल ने दो गांवों में फ्लैग मार्च निकाला। यह मार्च आगामी मोहर्रम पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से किया गया। नगर पुलिस अधीक्षक गौरव पाटिल के नेतृत्व में थाना लालबाग के तहत ग्राम पातोंडा और बिरोदा में यह फ्लैग मार्च निकाला गया। इसमें थाना स्टाफ, कोटवारों और विशेष पुलिस अधिकारियों (एसपीओ) ने संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा किया। ग्राम बिरोदा में फ्लैग मार्च पंचायत से शुरू होकर पठानवाड़ी, इच्छापुर गली, मस्जिद के सामने, ज्योति बाई फुले चौक और महादेव गली से होते हुए पुनः ग्राम पंचायत बिरोदा पर समाप्त हुआ। इस फ्लैग मार्च में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश पाटीदार, सीएसपी गौरव पाटिल, तहसीलदार प्रवीण ओहरिया, रक्षित निरीक्षक सुनील दीक्षित और थाना प्रभारी लालबाग अमित सिंह जादौन सहित अन्य अधिकारी और स्टाफ शामिल थे। बुरहानपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या भड़काऊ जानकारी साझा न करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
