Homeछत्तीसगढ़बिलासपुर विमान हादसा, टायर फटने से 3 पहिए लॉक हुए:केबिन में फैली...

बिलासपुर विमान हादसा, टायर फटने से 3 पहिए लॉक हुए:केबिन में फैली जलने की गंध; यात्री बोले- लैंडिंग के वक्त जोरदार झटका लगा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट पर दिल्ली की अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) का टायर फटने से बड़ा हादसा टल गया। विमान रनवे पर रुक गया, वरना खेत की ओर जाने पर बड़ा हादसा हो सकता था। फ्लाइट में सवार एक यात्री ने बताया कि लैंडिंग के दौरान विमान को जोरदार झटका लगा। इसके बाद कुछ ही सेकेंड में जलने की गंध आने लगी। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। फिलहाल DGCA (Directorate General of Civil Aviation) की टीम मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में सामने आया कि एक टायर फटने के साथ बाकी 3 टायर भी लॉक हो गए थे। हालांकि, DGCA अब यह पता लगाने में जुटी हुई है कि आखिर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर कैसे फटा और हादसे की असली वजह क्या थी। लैंडिंग के दौरान लगा जोरदार झटका दरअसल, शुक्रवार को दिल्ली से बिलासपुर आई फ्लाइट में खपरगंज निवासी एडवोकेट प्रकाश तिवारी भी सवार थे। उन्होंने बताया कि दिल्ली से उड़ान भरने के बाद सब कुछ सामान्य था। बिलासपुर पहुंचने से पहले जैसे ही विमान रनवे पर उतरा, यात्रियों को जोरदार झटका लगा। लैंडिंग सामान्य नहीं लगी, जिससे सभी घबरा गए। कुछ सेकेंड बाद विमान के अंदर जलने की गंध आने लगी। यात्रियों को लगा कि कहीं आग तो नहीं लग गई। घबराए यात्रियों में मची अफरा-तफरी इस दौरान यात्रियों को लगा कि विमान हादसे का शिकार हो गया है, जिससे अफरा-तफरी मच गई। विमान से उतरने के बाद भी सभी यात्री घबराए हुए थे। विमान रनवे पर खेत के किनारे खड़ा था। उसका टायर फट गया था और व्हील का एक्सल भी टूट गया था। असामान्य थी फ्लाइट की लैंडिंग एडवोकेट ने बताया कि आमतौर पर विमान की लैंडिंग इस तरह नहीं होती। यह पूरी तरह असामान्य लैंडिंग थी। रनवे पर उतरते ही विमान में जोरदार झटका लगा और धमाके जैसी आवाज आई, जिससे यात्री घबरा गए। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी भी यात्री को नुकसान नहीं हुआ। DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही जांच विमान हादसे की जांच DGCA की 9 सदस्यीय टीम कर रही है। टीम के सदस्य शनिवार को बिलासपुर पहुंचे थे। इसके बाद रविवार को एयरपोर्ट पहुंचकर जांच शुरू की। जांच के दौरान टीम ने पाया कि लैंडिंग के समय एक टायर फटने के अलावा विमान के तीन अन्य पहिए भी लॉक हो गए थे। हादसे की विस्तार से ली जानकारी DGCA के अधिकारी धीरज कुमार ने एयरपोर्ट प्रबंधन के साथ चर्चा की। इस दौरान अलायंस एयर के 7 इंजीनियर भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि विमान के पहिए की रिपेयरिंग का काम चल रहा है। टीम ने हादसे से जुड़े लोगों से घटना की पूरी जानकारी ली और फ्लाइट के संबंध में भी पूछताछ की। रनवे का की जांच, जहां फ्लाइट रुकी वहां भी पहुंचे इसके बाद DGCA की टीम सीधे एप्रन पहुंची, जहां क्षतिग्रस्त विमान को रनवे से हटाकर रखा गया है। टीम ने टायर के अलावा विमान के अन्य हिस्सों की भी जांच की। अधिकारियों ने विमान की तकनीकी स्थिति, मेंटेनेंस रिकॉर्ड और संबंधित प्रक्रियाओं की जानकारी ली। विमान की जांच के बाद टीम प्रबंधन के अधिकारियों के साथ रनवे पर पहुंची और उस जगह का निरीक्षण किया, जहां विमान आकर रुका था। प्रयागराज से पहुंची फ्लाइट पूरे रनवे का निरीक्षण करने के बाद DGCA की टीम ने इसे विमान संचालन के लिए सुरक्षित बताया। इसके बाद प्रयागराज से आने वाली फ्लाइट को बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंड कराया गया। यही फ्लाइट शाम को बिलासपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। रिपेयरिंग में दिक्कत, दिल्ली ले जाने की तैयारी डैमेज फ्लाइट की रिपेयरिंग में कुछ दिक्कतें आ रही हैं। दरअसल, जरूरी उपकरण बिलासपुर तक लाने में परेशानी हो रही है। यही वजह है कि अलायंस एयर विमान की ऐसी मरम्मत करना चाहती है, जिससे वह सुरक्षित तरीके से दिल्ली तक उड़ान भर सके। दिल्ली पहुंचने के बाद विमान को वर्कशॉप में पूरी तरह रिपेयर किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर खराब उपकरणों को भी वहां आसानी से बदला जा सकेगा। …………………. इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़िए… बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के वक्त विमान का टायर फटा:दिल्ली से आए सभी 37 यात्री सुरक्षित; हादसे की वजह से प्रयागराज की फ्लाइट कैंसिल छत्तीसगढ़ के बिलासपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान विमान का टायर फट गया। शुक्रवार दोपहर अलायंस एयर की फ्लाइट 9I613 (VT-UDA) जब दिल्ली से बिलासपुर पहुंची तभी यह हादसा हुआ। विमान की सुरक्षित लैंडिंग करा ली गई। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here