बालाघाट के सरेखा रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में कार का एक हिस्सा पूरी तरह पिचक गया, लेकिन गनीमत यह रही कि कार चला रहे युवक की जान बाल-बाल बच गई। हादसे के ठीक बाद ओवरब्रिज पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई। दिल्ली से सामान खाली कर लौट रहा था ट्रक यह दुर्घटना सरेखा रेलवे ओवरब्रिज के टर्निंग पॉइंट पर उस समय हुई, जब दोनों वाहन एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने कार को ड्राइवर साइड से टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में शामिल ट्रक (RJ11GC4950) हरियाणा के मेवात का है। यह ट्रक दिल्ली से खाने-पीने का सामान लेकर बालाघाट आया था। सामान खाली करने के बाद ट्रक चालक लुकमान (21) निवासी मेवात गाड़ी लेकर गोंदिया की तरफ वापस लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया। परिवार को लेने गोंदिया जा रहा था कार चालक कार (MP50CA0128) के चालक आशीष उर्फ मोंटी सोनवाने ने बताया कि वह बैहर रोड वार्ड नंबर 3 के रहने वाले हैं। वे अपने परिवार को लेने के लिए कार से गोंदिया जा रहे थे। हादसे के बाद कार चालक ने ट्रक मालिक से गाड़ी के नुकसान के मुआवजे की मांग की है। दोनों वाहनों को क्रेन से हटाया घटना की खबर मिलते ही पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से रास्ते से हटाकर ग्रामीण थाने में खड़ा करवाया और जाम खुलवाया। पुलिस दोनों चालकों को थाने ले आई है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
