Homeदेशबंगाल BJP विधायक रेखा पात्रा वेंटिलेटर पर, हालत गंभीर:जहर की आशंका; संदेशखाली...

बंगाल BJP विधायक रेखा पात्रा वेंटिलेटर पर, हालत गंभीर:जहर की आशंका; संदेशखाली आंदोलन से पहचान मिली, पीएम तारीफ कर चुके, कहा था- आप शक्ति स्वरूपा

पश्चिम बंगाल के हिंगलगंज से BJP विधायक रेखा पात्रा की हालत गंभीर है। उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में जहर की आशंका जताई गई है। रेखा शनिवार को अपने घर पर अचानक बीमार पड़ गई थीं। पहले उन्हें स्थानीय अस्पताल और फिर बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर रविवार को कोलकाता के प्राइवेट हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं। 26 मार्च 2024 को PM मोदी ने रेखा से फोन पर बातचीत की थी। मोदी ने कहा था- रेखा, आपने संदेशखाली में बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है। आप एक तरह से शक्ति स्वरूपा हैं। परिवार का दावा- रेखा ने हर्बल कीटनाशक निगला था मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रेखा के परिवार का दावा है कि उन्होंने हर्बल कीटनाशक निगल लिया था। अस्पताल के रेफरल कार्ड में भी इसका जिक्र होने की बात सामने आई है। हर्बल कीटनाशक पौधों के अर्क और जड़ी-बूटियों से बनाए जाते हैं। इनका इस्तेमाल मच्छरों और दूसरे कीड़ों को नियंत्रित करने के लिए किया जाता है। मेडिकल रिपोर्ट में ऑर्गेनोफॉस्फोरस की आशंका NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, रेखा की मेडिकल-लीगल रिपोर्ट में ऑर्गेनोफॉस्फोरस आधारित कीटनाशक के सेवन की आशंका जताई गई है। हालांकि, स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने कहा है कि जहर की पुष्टि अभी नहीं हुई है। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि रेखा की तबीयत किस वजह से बिगड़ी थी। शनिवार रात करीब 9 बजे बिगड़ी थी तबीयत एक सूत्र के मुताबिक, शनिवार रात रेखा पात्रा हिंगलगंज स्थित अपने घर पर थीं। रात करीब 9 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें तुरंत स्थानीय अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उन्हें बशीरहाट सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के बावजूद उनकी हालत में खास सुधार नहीं हुआ। इसके बाद रात करीब 3 बजे उन्हें कोलकाता ले जाने का फैसला किया गया। स्वास्थ्य मंत्री बोले- परिवार ने फूड पॉइजनिंग की बात बताई पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य मंत्री शरद्वत मुखर्जी ने बताया कि रेखा की तबीयत फूड पॉइजनिंग के कारण बिगड़ी थी। डॉक्टर इसकी वजह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। बाद में स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि रेखा की हालत में सुधार हुआ है और वह पहले से बेहतर हैं। उन्होंने साफ किया कि जहर की आशंका की पुष्टि सैंपल टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। अस्पताल मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं करेगा आरएन टैगोर अस्पताल के निदेशक और प्रमुख अभिजीत सीपी ने कहा कि अस्पताल की ओर से कोई मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया जाएगा। अस्पताल राज्य सरकार को रेखा की सेहत से जुड़ी जानकारी दे रहा है। राज्य सरकार ही मीडिया को अपडेट करेगी। रेखा ने संदेशखाली में TMC नेताओं पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे रेखा पात्रा 2024 में संदेशखाली आंदोलन के दौरान चर्चा में आई थीं। उन्होंने उस समय तृणमूल कांग्रेस के नेताओं पर महिलाओं के साथ यौन उत्पीड़न और जमीन पर कब्जे के आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शनों में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद BJP ने उन्हें 2024 के लोकसभा चुनाव में बशीरहाट सीट से उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह चुनाव हार गई थीं। 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें हिंगलगंज सीट से टिकट दिया। इस चुनाव में जीत के बाद वह विधायक बनीं। PM मोदी ने फोन पर कहा था- आप शक्ति स्वरूपा हैं लोकसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रेखा पात्रा से फोन पर करीब 9 मिनट बातचीत की थी। संदेशखाली में महिलाओं के लिए आवाज उठाने और संघर्ष करने पर PM ने उनकी तारीफ की थी। बातचीत के दौरान मोदी ने कहा था- रेखा जी, आपने संदेशखाली में बहुत बड़ी लड़ाई लड़ी है। आप एक तरह से शक्ति स्वरूपा हैं। आपने इतने ताकतवर लोगों को जेल पहुंचाया है। आपने बहुत हिम्मत का काम किया है। रेखा ने PM को बताया था कि संदेशखाली की महिलाओं को लंबे समय से परेशानियों का सामना करना पड़ा है। उन्होंने इस बार महिलाओं के बिना डर के मतदान करने की बात भी कही थी। CPI(M) नेता ने जांच की मांग की CPI(M) नेता शतारूप घोष ने रेखा पात्रा के बीमार होने के कारणों की जांच की मांग की। उन्होंने कहा- जहर के कारण की ठीक से जांच होनी चाहिए। किसी भी सच्चाई को छिपाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के नेता कुणाल घोष ने भी मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जाना चाहिए कि रेखा की तबीयत अचानक कैसे बिगड़ी। उन्होंने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here