फर्जी NEET प्रश्न पत्र बेचने वाले इंदौर के लॉ स्टूडेंट अक्षय मालवीय ने पूछताछ में कई खुलासे किए हैं। उसने बताया कि एक प्रश्न पत्र की स्टोरी पोस्ट करने पर उसे करीब 8 हजार लाइक मिले थे। सैकड़ों मैसेज भी आने लगे। वह फेमस होना चाहता था, इसलिए उसका लाइक और मैसेज आने से उत्साह बढ़ गया। अक्षय ने यह भी दावा है कि उसने सभी प्रश्न पत्र ChatGPT और एआई आधारित अन्य एप्लीकेशन की मदद से तैयार किए थे। दूसरी ओर, इन्हीं पोस्ट के जरिए कोटा साइबर सेल को उसके अकाउंट की जानकारी मिली थी। तुरंत कोटा साइबर सेल ने अक्षय से चैटिंग शुरू कर दी। भरोसा जीतने के लिए उसके यूपीआई अकाउंट में रुपए भी भिजवाए गए। इस दौरान साइबर सेल की एक टीम उसकी पूरी जानकारी जुटाने में लगी रही। जैसे ही लोकेशन और अन्य बातें कंफर्म हुई, इंदौर पुलिस को सूचना दे दी गई। इधर, जब वह फर्जी नीट पेपर वायरल कर रहा था, तभी उसे दो बार इंस्टाग्राम पर अलर्ट किया गया। वह नहीं माना तो आखिरकार उसका अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इंदौर क्राइम ब्रांच की एसआईटी ने अक्षय को 20 जून को NEET परीक्षा का फर्जी पेपर बेचने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। उसने इंस्टाग्राम पर फर्जी लिंक शेयर कर 30-35 छात्रों से रुपए लिए थे। दो बार इंस्टाग्राम से मिला अलर्ट इंदौर के लसूड़िया निवासी अक्षय पिता मदन मोहन मालवीश इंस्टीट्यूट ऑफ लॉ में प्रथम वर्ष का छात्र है। क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश त्रिपाठी की टीम ने अक्षय को उसके घर से हिरासत में लेकर पूछताछ की है। क्राइम ब्रांच के टीआई नीरज मेढ़ा और उनकी टीम जब उसके घर पहुंची तो परिवार को NEET परीक्षा से जुड़े कोटा पुलिस के ईमेल की जानकारी दी गई। इसके बाद अक्षय को रीगल स्थित कंट्रोल रूम लाया गया। यहां उसके माता-पिता और अन्य परिजन भी पहुंचे। दिनभर उससे पूछताछ होती रही। परिवार को बताया गया कि वरिष्ठ अधिकारी मामले में संज्ञान लेंगे। इसके बाद देर रात कार्रवाई की गई। इंस्टाग्राम बंद होने से नहीं मिली पूरी जानकारी अक्षय का इंस्टाग्राम अकाउंट दो बार अलर्ट मिलने के बाद बंद कर दिया गया था। इस कारण क्राइम ब्रांच की साइबर टीम यह पता नहीं लगा सकी कि वह किस तरह के प्रश्न पत्र पोस्ट कर रहा था। अक्षय ने बताया कि शुरुआत में उसने बिना NEET लिखे प्रश्न पत्र पोस्ट किए थे, जो ज्यादा वायरल नहीं हुए। बाद में जब NEET परीक्षा दोबारा होने की चर्चाएं शुरू हुईं तो उसने NEET लिखकर प्रश्न पत्र पोस्ट करना शुरू कर दिया। यह खबर भी पढ़ें… आधार कार्ड भूली छात्रा कांपने लगी NEET-UG 2026 की परीक्षा केवल सवालों की नहीं, बल्कि समय, धैर्य और दस्तावेजों की भी परीक्षा बन गई। कहीं अभ्यर्थी गलत परीक्षा केंद्र पहुंच गए तो कहीं प्रवेश से कुछ मिनट पहले जरूरी दस्तावेज गायब मिलने पर छात्रों के हाथ-पांव फूल गए। पूरी खबर यहां पढ़ें…
