पीथमपुर में एक प्लास्टिक बैग बनाने वाली कंपनी में आज गुरुवार सुबह 9:30 बजे आग लग गई। कंपनी के स्क्रैप यार्ड में लगी, जिसके बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने की कोशिश कर रही हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग स्क्रैप यार्ड में रखे थिनर और पेंट के ड्रमों से शुरू हुई। आग लगने के समय कंपनी में 100 से अधिक मजदूर काम कर रहे थे। आग लगने की सूचना मिलते ही सभी मजदूरों को सुरक्षित रूप से कंपनी परिसर से बाहर निकाल लिया गया। किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। देखिए घटनास्थली की तस्वीरें…. फिलहाल, दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। साथ ही, आग को कंपनी के अन्य हिस्सों में फैलने से रोकने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। फ्लेक्सी टफ टेक्नोलॉजी औद्योगिक क्षेत्र की सबसे पुरानी कंपनियों में शामिल है। बावजूद इसके, शुरुआती स्तर पर आग बुझाने के लिए कंपनी परिसर में पर्याप्त संसाधन नजर नहीं आए। यार्ड से उठता धुआं देखकर शुरू किए प्रयास सेफ्टी ऑफिसर दीपक दुबे के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे यार्ड से हल्का धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए। हालांकि, थिनर और प्लास्टिक सामग्री मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैलने लगी। इसके बाद तुरंत फायर फाइटर को सूचना दी गई। फिलहाल चार फायर फाइटर आग पर काबू पाने में जुटे हैं। नुकसान का आकलन अभी नहीं किया जा सका है। आग को फैलने से रोकने में जुटी दमकल टीम दमकल अधिकारी सुमेर सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल वाहन लेकर टीम फ्लेक्सी टफ कंपनी पहुंची। आग तेजी से फैल रही थी, इसलिए आसपास की कंपनियों से भी फायर वाहन बुलाए गए। फिलहाल आग को सीमित क्षेत्र में रोक लिया गया है और लगातार पानी का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि आग अन्य हिस्सों में न फैले। स्थिति नियंत्रण में, पुलिस बल तैनात नगर पुलिस अधीक्षक रवि सोनेर ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और छह दमकल वाहन लगातार आग बुझाने में लगे हुए हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है तथा एहतियात के तौर पर पुलिस बल मौके पर तैनात है।
