पिपरिया-मटकुली मार्ग पर झरिया गांव के आगे सड़क किनारे शुक्रवार देर शाम एक मादा तेंदुआ शावक का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के एसडीओ आशीष कुमार खोपरागड़े ने बताया कि शुरुआती जांच में किसी तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से 3 से 4 महीने की मादा तेंदुआ शावक की मौत होना सामने आया है। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी की और शव को सुरक्षित रखवाया। कल पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार एसडीओ ने जानकारी दी कि रात हो जाने के कारण नियमानुसार शुक्रवार को पोस्टमॉर्टम नहीं किया जा सका। शनिवार की सुबह राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की एसओपी (SOP) के अनुसार वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और अधिकृत पशु चिकित्सकों की मौजूदगी में शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार अंतिम संस्कार किया जाएगा। वाहन की तलाश जारी वन विभाग ने घटना के संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किस वाहन से हुआ, इसका पता लगाने के लिए आसपास के रास्तों और संदिग्ध वाहनों की पड़ताल की जा रही है।
