ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। युवक पड़ोस में रहने वाली महिला से हुए विवाद की शिकायत करने थाने जा रहा था। इसी दौरान गोल पहाड़िया तिराहे पर अनियंत्रित ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा पत्नी की आंखों के सामने हुआ। गंभीर रूप से घायल युवक को उसकी पत्नी राहगीरों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पड़ोसन से विवाद के बाद शिकायत करने निकले थे दोनों मूल रूप से भिंड जिले के चिरोली निवासी 29 वर्षीय तिलक सिंह बाथम ग्वालियर में प्राइवेट नौकरी करते थे। वे अपनी पत्नी भावना और तीन छोटे बच्चों के साथ गोल पहाड़िया इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। मंगलवार को पड़ोस में रहने वाली एक महिला से उनका विवाद हो गया था। काफी देर तक विवाद होने के बाद तिलक और भावना ने जनकगंज थाने में शिकायत दर्ज कराने का फैसला किया। दोनों थाने जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान गोल पहाड़िया तिराहे पर ट्रक ने तिलक को अपनी चपेट में ले लिया। तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर गिरवाई की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक क्रमांक RJ 11 GB-0563 के चालक ने कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चलाते हुए तिलक को टक्कर मार दी। हादसे में तिलक ट्रक के नीचे आकर गंभीर रूप से घायल हो गए और खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़े। पति को घायल देखकर पत्नी भावना चीखने लगी। राहगीरों की मदद से वह तिलक को जयारोग्य अस्पताल (JAH) के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया तिलक सिंह परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। उनकी मौत से पत्नी भावना और तीन छोटे बच्चों के सामने भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। तिलक की सबसे बड़ी बेटी नतारा (8), छोटी बेटी दृष्टि (6) और बेटा नितिन (3) हैं। पिता की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस कर रही तलाश घटना की सूचना मिलने पर जनकगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। जनकगंज थाना प्रभारी प्रवीण शर्मा ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ट्रक को जब्त करने और चालक की तलाश में जुटी है।
