Homeमध्यप्रदेशनौकरी दिलाने के बदले ठेकेदार को खुश करने की मांग:युवती से 50...

नौकरी दिलाने के बदले ठेकेदार को खुश करने की मांग:युवती से 50 हजार मांगे; निवाड़ी जिला अस्पताल के नेत्र चिकित्सक, कर्मचारी समेत दो पर केस

निवाड़ी जिला अस्पताल में नौकरी दिलाने के नाम पर 21 वर्षीय युवती से 50 हजार रुपए मांगने, नौकरी के बदले गलत मांग करने और व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगा है। युवती की शिकायत और व्हाट्सऐप चैट के आधार पर पुलिस ने राजकुमार बाजपेई और संतोष बाल्मीक के खिलाफ आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। युवती ने जान से मारने की धमकी देने और मोबाइल से सबूत मिटाने की कोशिश का आरोप भी लगाया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। गार्ड की नौकरी दिलाने के नाम पर मांगे 50 हजार 21 वर्षीय युवती ने महिला थाने में ज्ञापन देकर जिला अस्पताल में कार्यरत कुछ कर्मचारियों के खिलाफ शिकायत की थी। युवती ने बताया कि उसके पिता का निधन हो चुका है। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और वह भरण-पोषण के लिए निवाड़ी में चाय की छोटी दुकान चलाती है। युवती का आरोप है कि जिला अस्पताल में कार्यरत अंजनी सोनाकिया अक्सर उसकी दुकान पर आते थे। वे उसे अस्पताल में गार्ड की नौकरी दिलाने का भरोसा देते थे। इसके बदले कथित तौर पर 50 हजार रुपए मांगे गए। युवती ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देकर इतनी रकम देने में असमर्थता जताई थी। ओरछा ले जाकर ठेकेदार से मिलवाने की बात कही शिकायत के मुताबिक, 29 सितंबर 2026 को जिला अस्पताल में कार्यरत संतोष बाल्मीक ने युवती को फोन कर दुकान पर बुलाया। वहां उसे नौकरी के संबंध में अधिकारियों से बात करने के लिए ओरछा चलने की सलाह दी गई। युवती का आरोप है कि इसके बाद राजकुमार बाजपेई, जिन्हें शिकायत में रानी महाराज के नाम से भी संबोधित किया गया है, उसे चार पहिया वाहन से ओरछा ले गए। वाहन में चालक महेंद्र कुशवाहा भी मौजूद था। युवती के मुताबिक, ओरछा में राज मंदिर होटल के बाहर वाहन रोका गया। वहां कुछ देर बातचीत के बाद उसे बताया गया कि संबंधित अधिकारी अभी उपलब्ध नहीं हैं। इसके बाद फिर कभी आने की बात कही गई। नौकरी के बदले गलत मांग करने का आरोप युवती का आरोप है कि लौटते समय बातचीत का रुख बदल गया। राजकुमार बाजपेई ने उससे दूसरी लड़कियों को भी ओरछा लाने की बात कही। साथ ही नौकरी दिलाने के बदले ठेकेदार को खुश करने जैसी बात कही। युवती ने शिकायत में इसे गलत और आपत्तिजनक मांग बताया है। वीडियो डिलीट करने की बातचीत भी सामने आई मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें संतोष बाल्मीक युवती से मोबाइल पर बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे मोबाइल से वीडियो डिलीट करने की बात कहते सुनाई देते हैं। युवती उनसे कहती है कि उन्होंने उस पर गलत नजर डाली थी। बातचीत के दौरान बिट्टू नाम के एक युवक के मोबाइल से भी वीडियो हटाने का जिक्र आता है। वीडियो में युवती यह भी कहती सुनाई देती है कि वह मोबाइल से वीडियो हटा देगी और इस बारे में किसी को नहीं बताएगी। हालांकि, यह बातचीत किस वीडियो और किस मामले को लेकर हो रही थी, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप युवती का आरोप है कि 29 सितंबर की रात करीब 9 बजे उसे व्हाट्सऐप पर आपत्तिजनक संदेश भेजे गए। इनमें ओरछा जाने, दूसरी लड़की तलाशने, स्कूटी दिलाने और पैसे देने जैसी बातें थीं। युवती का दावा है कि उसे बार-बार अकेले मिलने के लिए भी कहा गया। उसने यह भी आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर 2026 की रात संतोष बाल्मीक उसके घर पहुंचे और मोबाइल फोन से कथित तौर पर सबूत मिटाने की कोशिश की। युवती के मुताबिक, शिकायत करने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई। दो लोगों के खिलाफ केस युवती ने महिला थाने में ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत और व्हाट्सऐप चैट की जांच के बाद पुलिस ने राजकुमार बाजपेई और संतोष बाल्मीक के खिलाफ महिला की लज्जा भंग करने, यौन उत्पीड़न, धमकी देने और आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here