मंदसौर नगरपालिका परिषद की बैठक में मंगलवार को 23 प्रस्तावों को बहुमत से मंजूरी दे दी गई। बैठक में शहर के विकास, सड़कों, सफाई और यातायात से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। नगरपालिका सभागृह में चली इस बैठक की अध्यक्षता नपाध्यक्ष रमादेवी बंशीलाल गुर्जर ने की। बैठक में 1 करोड़ से होने वाले 64वें भगवान पशुपतिनाथ महादेव मेले के आयोजन पर बात हुई। पार्षदों ने मेले की सारी व्यवस्था संभालने के लिए नपाध्यक्ष को जिम्मेदारी सौंपी। इसके साथ ही 7 और 8 दिसंबर 2026 को मंदसौर का गौरव दिवस मनाने और उसके खर्चे के बजट को भी मंजूरी दे दी गई। जर्जर टंकियां हटेंगी, बनेगा शॉपिंग कॉम्प्लेक्स नगरपालिका कॉलोनी के पुराने और जर्जर मकानों को तोड़कर पीपीपी मोड पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। कृषि उपज मंडी के पास खाली जमीन पर दुकानें बनाने का प्रस्ताव भी पास हुआ। इसके अलावा, शांतनु विहार और जनता कॉलोनी की दो पुरानी जर्जर पानी की टंकियों को हादसे के खतरे को देखते हुए गिराने का फैसला लिया गया। सड़कों का निर्माण और 100 सफाईकर्मी की भर्ती शहर में आने-जाने का रास्ता आसान बनाने के लिए कई नई सड़कों को मंजूरी दी गई। नयापुरा रोड से दयामंदिर मार्ग और लालघाटी रोड को जोड़ने के लिए नई सीसी रोड बनाई जाएगी। वहीं शहर को साफ रखने के लिए 100 नए सफाई मित्रों (50 पुरुष और 50 महिला) को काम पर रखने का प्रस्ताव पास कर सरकार के पास भेजा गया है। चौराहे और ओवरब्रिज का बदला नाम परिषद ने बीपीएल चौराहे का नाम बदलकर सरदार वल्लभभाई पटेल चौराहा और संजीत रोड ओवरब्रिज का नाम माता पन्ना धाय मार्ग रखने को हरी झंडी दे दी। साथ ही होटल, मैरिज गार्डन से कचरे पर जुर्माना वसूलने और विवेकानंद नगर में बिजली की समस्या दूर करने के लिए टेंडर जारी करने का फैसला लिया गया।
