इंदौर में सी-21 मॉल स्थित पीवीआर सिनेमाज में रविवार की शाम बेहद खास वाली रही। अवसर था नई हिंदी फिल्म ‘तेरा मेरा नाता’ के ग्रैंड प्रीमियर का, जहां इंदौर के सिनेमा प्रेमियों को एक दिल छू लेने वाली कहानी की पहली झलक देखने को मिली। इस खास मौके पर फिल्म के मुख्य कलाकार सूरज और अंबिका वाणी, निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल सहित पूरी स्टार कास्ट मौजूद रही। मीडिया से मुखातिब होते हुए लीड एक्टर सूरज ने कहा गौरव का किरदार मेरे दिल के बेहद करीब है। एक ऐसे खिलाड़ी का दर्द और उसका संघर्ष पर्दे पर जीना, जो देख नहीं सकता लेकिन दिल से सब महसूस करता है, मेरे लिए बेहद चुनौतीपूर्ण और भावुक अनुभव था। वहीं, लीड एक्टर्स अंबिका वाणी ने बताया, यह सिर्फ एक प्रेम कहानी नहीं, बल्कि रिश्तों, विश्वास और पारिवारिक मूल्यों का एक ऐसा ताना-बाना है, जिससे आज की पीढ़ी गहराई से जुड़ेगी। हमें बेहद खुशी है कि इंदौर के दर्शकों से हमें इतना प्यार मिल रहा है। इस मौके पर दोनों ने इंदौर की स्वच्छता और व्यंजनओं की तारीफ की। वरिष्ठ कलाकारों की मौजूदगी और सुरीला संगीत फिल्म की निर्माता-निर्देशक चंदा पटेल ने बताया कि पूरी टीम ने एक ऐसी साफ-सुथरी और भावनात्मक फिल्म बनाने का प्रयास किया है, जिसे पूरा परिवार एक साथ बैठकर देख सके। फिल्म में रामायण फेम वरिष्ठ अभिनेत्री दीपिका चिखलिया और अनुभवी अभिनेता पंकज बेरी भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं, जो फिल्म को एक अलग ही गहराई देते हैं। फिल्म का संगीत और बैकग्राउंड स्कोर पहले ही लोगों की जुबान पर चढ़ चुका है। यह फिल्म जल्द ही देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
