जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-43 पर अवैध रेत परिवहन के दौरान एक राज मिस्त्री की मौत हो गई। रेत से भरे मिनी ट्रक ने निर्माणाधीन मकान में सो रहे मिस्त्री को कुचल दिया। इस घटना ने अवैध रेत कारोबार पर फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बैजनाथ सिंह के निर्माणाधीन मकान में तीन मजदूर रात का भोजन करने के बाद सो गए थे। इनमें 35 वर्षीय अशोक वर्मन, पिता रमेश वर्मन, मकान के रास्ते में ही जमीन पर सो रहा था। उसके दो साथी कुछ दूरी पर सोए हुए थे। देर रात रेत उतारने पहुंचे मिनी ट्रक चालक ने अंधेरे में अशोक को नहीं देखा और वाहन उसके ऊपर चढ़ा दिया। अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। उसके शरीर पर वाहन के टायरों के निशान स्पष्ट देखे गए। सुबह जब अन्य मजदूरों ने अशोक को मृत अवस्था में देखा, तो उन्होंने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रत्यक्षदर्शी मजदूर राम जियावन ने बताया कि मकान मालिक ने छतवाई निवासी छेकलाल यादव को रेत आपूर्ति का काम दिया था। आरोप है कि जिले में रेत का वैध ठेका न होने के कारण रात के समय अवैध रूप से रेत गिराई जा रही थी, उसी दौरान यह घटना हुई। इस बीच, खनिज विभाग ने बीती रात अवैध रेत परिवहन करते हुए एक मिनी ट्रक जब्त किया है। इसे सोहागपुर थाने में खड़ा कराया गया है। बताया जा रहा है कि जब्त किया गया वाहन छेकलाल यादव का ही है, जिससे मामले में संदेह और बढ़ गया है। थाना प्रभारी अरुण पांडे ने बताया कि इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि चालक को घटना की जानकारी थी या नहीं।
