स्मार्ट सिटी बनाएगा 24 मीटर स्मार्ट रोड
सिंहस्थ-2028 को देखते महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी चौराहा मार्ग को चौड़ा करने की कार्रवाई गुरुवार सुबह फिर शुरू हुई। बुधवार को कार्रवाई के बाद नगर निगम की टीम सुबह 7 बजे पोकलेन, जेसीबी और अमले के साथ मौके पर पहुंची। कार्रवाई शुरू होने से पहले ही कई लोग निर्माण और सामान हटाने के लिए खुद पहुंच गए। निगम के अनुसार दिनभर चली कार्रवाई में करीब 40 प्रतिशत निर्माण हटाया जा चुका है। शेष निर्माण भी अगले एक-दो दिन में हटाने की तैयारी है। करीब 200 मीटर लंबे इस मार्ग को मास्टर प्लान के अनुसार मौजूदा करीब 12 मीटर चौड़ाई से बढ़ाकर 24 मीटर किया जाना है। चौड़ीकरण की जद में 39 निर्माण और पक्के ढांचों के हिस्से चिह्नित किए हैं। इनमें करीब 3 से 4 मीटर तक का हिस्सा सड़क चौड़ीकरण में आ रहा है। 12 करोड़ 82 लाख रुपए में करेंगे सड़क निर्माण
निगम की कार्रवाई पूरी होने के बाद इसी मार्ग पर स्मार्ट सिटी के तहत स्मार्ट रोड का काम शुरू किया जाएगा। इंजीनियर दीपक टोकरिया ने बताया सड़क के नीचे सीवरेज, स्ट्रॉम वाटर ड्रेनेज और बिजली की केबल जैसी सुविधाओं को भूमिगत किया जाएगा। यह मार्ग स्मार्ट सिटी के वर्ष 2023 में प्रस्तावित चार स्मार्ट रोड के प्रोजेक्ट में शामिल हैं। प्रोजेक्ट की कुल स्वीकृत राशि 12 करोड़ 82 लाख रुपए निर्धारित की थी, लेकिन कोर्ट स्टे के कारण इस मार्ग पर काम शुरू नहीं हो पाया था। अटका था मामला : तीन साल से कोर्ट में मामला लंबित रहने से कार्रवाई रुकी थी। स्टे हटने के बाद बुधवार से कार्रवाई शुरू की थी। 24 घंटे की मोहलत दी गई थी, गुरुवार सुबह से कार्रवाई दोबारा शुरू हुई।
