अक्टूबर के प्रथम सप्ताह में विदा होगा अगस्त-सितंबर की तुलना में अक्टूबर में बादल तो छाएंगे, लेकिन तेज बारिश की संभावना बहुत कम बताई जा रही है। सामान्य रूप से दिन के साथ रात के तापमान में कमी आने लगेगी। शाम ढलने के बाद हल्की ठंड का एहसास भी होने लगेगा। दोपहर में धूप के तेवर तीखे रहने के आसार भी हैं। दक्षिण पश्चिमी मानसून सामान्यतः उज्जैन से अक्टूबर माह के प्रथम सप्ताह में चला जाता है, परिणामस्वरूप बादलों की मात्रा कम हो जाएगी।सितंबर की तुलना में इस माह में दिन सामान्यतः ज्यादा गर्म और रातें ठंडी रहेंगी। इस माह बंगाल की खाड़ी से चक्रवाती तूफान आंध्र तट को पार कर उज्जैन को कभी-कभार प्रभावित करता है। ऐसे अवसरों पर उज्जैन और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य से अधिक मात्रा में वर्षा रिकॉर्ड की जा सकती है। आर्द्रता ज्यादा होने से दिन थोड़ा उमसभरा और असुविधाजनक हो जाएगा। इस माह का सामान्य औसत अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और औसत न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस होता है। इस माह की औसत वर्षा 26.8 मिमी है। वर्षा के दिनों की औसत संख्या 1.6 है। सप्ताह-वार जानिए… पहले सप्ताह में कहीं मध्यम तो कहीं हल्की बारिश संभव
पहला सप्ताह : आसमान साफ रहेगा। दिन के साथ रात का तापमान सामान्य रहेगा। कहीं मध्यम तो कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है।
दूसरा सप्ताह : दिन के साथ रात का तापमान सामान्य से कम रहेगा। रात में हल्की ठंड महसूस होने लगेगी।
तीसरा सप्ताह : इस सप्ताह में भी तापमान सामान्य से कम रहने का अनुमान है। आसमान साफ रहेगा। कहीं कहीं हल्की बारिश हो सकती है।
चौथे सप्ताह : सर्दी की शुरुआत होने लगेगी। रात की तरह दिन में भी तापमान नीचे जाने का क्रम शुरू हो जाएगा।
