औबेदुल्लागंज थाना क्षेत्र में एक 14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर अगवा करने का मामला सामने आया है। लड़की के लापता होने की सूचना के बाद विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने उसकी तलाश में सहयोग किया, जिसके बाद लड़की को ढूंढ़ा गया। पुलिस ने आरोपी शेख मुस्तफा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। जब नाबालिग लड़की के बयान दर्ज किए गए, तो उनके आधार पर मामले में कुछ और गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। पॉक्सो और एससी/एसटी एक्ट में केस थाना प्रभारी भरत प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो (POCSO) एक्ट, एससी/एसटी (SC/ST) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस वारदात में क्या किसी अन्य व्यक्ति ने भी आरोपी की मदद की थी। विहिप ने की सख्त कार्रवाई और काउंसलिंग की मांग इस घटना को लेकर विश्व हिंदू परिषद ने मांग की है कि पीड़ित नाबालिग लड़की की उचित काउंसलिंग कराई जाए। साथ ही, जांच के दौरान जो भी लोग आरोपी का सहयोग करते पाए जाएं, उन्हें भी इस मामले में सह-आरोपी बनाया जाए। संगठन के जिला मंत्री सुरेंद्र कीर ने चिंता जताते हुए कहा कि क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले बढ़ रहे हैं, जिन पर पुलिस को और अधिक सख्त और प्रभावी कार्रवाई करने की जरूरत है।
