धार कृषि उपज मंडी में शुक्रवार को आयोजित होने वाले बलराम कृषि महोत्सव-2026 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। गुरुवार को कलेक्टर राजीव रंजन मीना ने मंडी पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, मंच, प्रदर्शनी क्षेत्र, किसानों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, भोजन और पार्किंग सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर और व्यवस्थित ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। कृषि वर्ष-2026 के तहत आयोजित इस महोत्सव में जिले के सभी विकासखंडों से बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि होंगी। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि और किसान संगठनों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहेंगे। महोत्सव का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, नई योजनाओं और नवाचारों से जोड़ना है। कार्यक्रम में आधुनिक खेती अपनाने वाले प्रगतिशील किसानों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही, जिले का नाम रोशन करने वाले कृषक परिवारों के मेधावी छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया जाएगा। आयोजन के दौरान कृषि एवं उससे जुड़े 15 विभागों की प्रदर्शनियां आकर्षण का केंद्र होंगी। इन स्टॉलों पर कृषि विज्ञान केंद्र, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, सहकारिता और कृषि अभियांत्रिकी विभाग शामिल होंगे। ये विभाग किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत कृषि यंत्र, बागवानी, औषधीय खेती, फसल प्रबंधन और फसल बीमा सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे। कृषि विशेषज्ञ किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं का समाधान भी करेंगे। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाहर से आने वाले किसानों के लिए आवागमन, भोजन, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं में कोई कमी न रहे। प्रशासन का लक्ष्य है कि यह महोत्सव किसानों के लिए उपयोगी, सुव्यवस्थित और तकनीकी जानकारी से भरपूर आयोजन साबित हो।
