Homeमध्यप्रदेशदिनभर में बछड़ों पर तेंदुए के दो हमले:बड़वानी के बगूद, एकलरा में...

दिनभर में बछड़ों पर तेंदुए के दो हमले:बड़वानी के बगूद, एकलरा में मूवमेंट, ग्रामीणों में दहशत

बड़वानी में नर्मदा किनारे बसे गांवों में तेंदुओं की बढ़ती हलचल ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। पिछले 24 घंटों में बगूद और एकलरा जैसे इलाकों में तेंदुए ने बछड़ों पर हमला किया है। वन विभाग ने इन घटनाओं की पुष्टि की है और प्रभावित परिवारों को मुआवजा दिलाने के साथ ही निगरानी बढ़ाने का भरोसा दिया है। शुक्रवार को बगूद गांव में लूमका बाई के घर के पास बंधे एक बछड़े पर तेंदुए ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि समय रहते ग्रामीणों ने शोर मचा दिया, जिससे तेंदुआ भाग निकला। हालांकि, इस हमले में बछड़ा बुरी तरह घायल हो गया। खबर मिलते ही रेंजर गुलाब सिंह बर्डे और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी में कैद हुआ शिकार का मंजर दूसरी घटना जिला मुख्यालय से महज दो किलोमीटर दूर एकलरा इलाके की है। यहां किसान भगवान यादव के फार्महाउस की ऊंची दीवार फांदकर तेंदुआ अंदर घुस गया और गाय के बछड़े को मार डाला। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में दिख रहा है कि तेंदुआ शिकार को बाहर ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ऊंची दीवार की वजह से वह उसे ले जा नहीं पाया। खेतों में काम करने से डर रहे किसान नर्मदा किनारे के गांवों और बस्तियों में रात के वक्त जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ने से किसान डरे हुए हैं। उनका कहना है कि अब खेतों में रात को काम करना खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि रात के समय गश्त बढ़ाई जाए ताकि कोई बड़ा हादसा न हो। विभाग ने शुरू की जांच बड़वानी डीएफओ आशीष बनसोड़ ने बताया कि बगूद की घटना के पीड़ित को मुआवजा दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि छोटी कसरावद के पास भी तेंदुए के हमले का एक वीडियो शेयर हो रहा है, जिसकी जांच के लिए टीम भेज दी गई है। वन विभाग का अमला लगातार इलाके पर नजर रखे हुए है।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here