कटनी में अहमदाबाद से गोरखपुर जा रही गोरखपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19489) से एक महिला यात्री लापता हो गई है। यह घटना 27 की रात दमोह, सागर और कटनी रेल खंड के बीच हुई। महिला के साथ उसका सूटकेस भी गायब है, जिससे मामला और उलझ गया है। रेलवे पुलिस (GRP) और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुट गई हैं। लापता महिला की पहचान अंजलि यादव के रूप में हुई है। वह अपने पिता अशोक यादव के साथ गोरखपुर से अहमदाबाद स्थित अपने घर जा रही थीं। अंजलि और उनके पिता ने 27 जून को गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच B-1 की बर्थ संख्या 41 पर यात्रा शुरू की थी। रात में खुली आंख, तो बर्थ से बेटी और सूटकेस दोनों गायब परिजन के अनुसार, रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच, जब ट्रेन कटनी, दमोह और सागर के बीच चल रही थी, तभी अंजलि अचानक अपनी बर्थ से गायब हो गईं। जब पिता अशोक यादव की नींद खुली और उन्होंने अंजलि को बर्थ पर नहीं पाया, तो उनके होश उड़ गए। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कुछ पता नहीं चला, तो सहयात्रियों और ट्रेन स्टाफ को सूचित किया गया। भाई ने जताई अनहोनी की आशंका अंजलि के भाई अंकित यादव ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने आशंका जताई कि बर्थ से अंजलि का सूटकेस भी गायब है, जिससे किसी अनहोनी या आपराधिक घटना की संभावना बढ़ जाती है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि रात के समय वह किसी स्टेशन पर चाय पीने या किसी अन्य कारण से नीचे उतरी हों और इसी दौरान ट्रेन छूट गई हो। घटना के बाद पीड़ित पिता अशोक यादव ने तुरंत मैहर रेलवे स्टेशन पहुंचकर जीआरपी और आरपीएफ थाने में मामले की सूचना दी और बेटी को तलाशने की गुहार लगाई। स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए रेलवे पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीमों का गठन कर कटनी, दमोह, सागर और मैहर सहित रूट के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्टेशनों के कैमरों की फुटेज और सहयात्रियों से पूछताछ के आधार पर जल्द ही महिला का सुराग लगा लिया जाएगा। इस संबंध में कटनी जीआरपी थाना अतिरिक्त प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि मैहर चौकी में एक सूचना प्राप्त हुई है, हम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रहे हैं।
