रतलाम में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी और एक महीने के बेटे की मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल है। गनीमत रही कि बाइक पर सवार 2 साल की बच्ची दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई। बताया जा रहा है कि दंपती अपने एक महीने के बेटे को टीका लगवाने नामली लेकर आ रहे थे। इसी दौरान फोरलेन पर कृषि उपज मंडी के गेट के सामने ट्रक की चपेट में आ गए। मृतक महिला की पहचान 25 साल के सुगन और उसके बेटे हर्षित के रूप में हुई है। एक महीने के बेटे को टीका लगवाने जा रहा था परिवार परिजनों के मुताबिक, अनिल की पत्नी सुगन (25) ने एक महीने पहले बेटे को जन्म दिया था। इसी सिलसिले में मंदसौर के लामगरी गांव निवासी अनिल रविवार को पत्नी और बच्चों से मिलने अपने ससुराल बड़ौदा गांव आया था। बेटे को एक महीने का टीका लगवाना था। इसके लिए सोमवार सुबह 11:30 बजे अनिल अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ बाइक से नामली स्वास्थ्य केंद्र के लिए निकला था। करीब 15 मिनट बाद ही परिवार हादसे का शिकार हो गया। स्पीड ब्रेकर के पास ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर बताया जा रहा है कि जावरा-रतलाम मार्ग पर नामली से पहले कृषि उपज मंडी गेट के सामने बने स्पीड ब्रेकर पर अनिल ने बाइक धीमी की। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनिल और उसकी 2 साल की बेटी अर्चना सड़क किनारे जा गिरे, जबकि सुगन और एक महीने का बेटा हर्षित ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए। ट्रक दोनों को कुचलता हुआ निकल गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पति को कराया भर्ती, मासूम बेटी सदमे में हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल अनिल को रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पत्नी और बेटे के शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लाए गए। हादसे में 2 साल की बेटी अर्चना की जान बच गई। उसे कोई गंभीर चोट नहीं आई है। मेडिकल कॉलेज में वह अपनी नानी की गोद में बैठी रही। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अनिल ने बताया कि उसने स्पीड ब्रेकर पार करने के बाद बाइक धीमी की थी। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह एक तरफ गिर गया, जबकि पत्नी और बेटा सड़क की तरफ गिर गए। बेटी अर्चना बाइक के आगे बैठी थी। CCTV बंद मिले नामली थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने बताया कि ट्रक की तलाश की जा रही है। चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बंदरों ने तार तोड़ दिए थे, इसलिए सीसीटीवी कैमरे बंद मिले। ================= ये खबर भी पढ़ें… पुल से 25-फीट नीचे गिरी कार, 4 श्रद्धालु जिंदा जले:टायर फटने से डिवाइडर से टकराई; इंजन बाहर आया, सांवरिया सेठ के दर्शन कर लौट रहे थे धार के बदनावर के लेबड़-नयागांव फोरलेन पर पुलिया पर बने डिवाइडर से टकराने के बाद डिजायर कार में आग लग गई। हादसे में कार सवार चार युवकों की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक युवक को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया। हादसा सादलपुर और खेरोद के बीच रविवार रात करीब 11:30 बजे ढाबे के पास हुआ। पूरी खबर पढ़ें…
