विदिशा जिले के चिडोरिया पड़ायत गांव में 6 साल से चले आ रहे 40 बीघा जमीन के विवाद के चलते एक दंपती ने जहर खा लिया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां 40 वर्षीय पत्नी मुन्नी बाई दांगी की मौत हो गई, जबकि 45 वर्षीय पति सुरेश दांगी की हालत गंभीर बनी हुई है। बच्चों ने अपने ही सगे रिश्तेदारों पर माता-पिता को प्रताड़ित करने और आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप लगाए हैं। हार्वेस्टर ले जाने पर बढ़ा था विवाद मामले की जांच कर रहे एएसआई राधेलाल बड़गड़े के अनुसार, सुरेश दांगी का अपने ही परिवार के सदस्यों के साथ जमीन की हिस्सेदारी और उसके उपयोग को लेकर तनाव चल रहा था। बुधवार को यह विवाद उस समय चरम पर पहुंच गया, जब खेत में हार्वेस्टर ले जाने की बात पर दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। इससे आहत होकर पति-पत्नी ने घर आकर जहरीला पदार्थ पी लिया। घटना के तुरंत बाद दोनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत बिगड़ने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान मुन्नी बाई ने दम तोड़ दिया। बेटा बोला- पुलिस से कई बार शिकायत की दंपती के बेटे विनीत दांगी ने बताया- हमारे पिता को कई सालों से अपने ही खेतों में खेती नहीं करने दी जा रही थी। जब वे हार्वेस्टर लेकर खेत जा रहे थे, तब विवाद किया गया। हमने इसकी शिकायत कई बार पुलिस और प्रशासन से की, लेकिन किसी ने नहीं सुनी। विनीत ने कहा कि अगर अब भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उनका न्याय व्यवस्था से भरोसा उठ जाएगा। बेटी ने कहा- ताऊ, ताई और दादी ने बनाया मानसिक दबाव बेटी अंजली दांगी ने अपने रिश्तेदारों को मां की मौत का जिम्मेदार ठहराया है। अंजली ने आरोप लगाया कि उसके माता-पिता पर ताऊ, ताई, दादी और परिवार के अन्य सदस्य लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे। खेत में मारपीट और अपमान से आहत होकर ही उन्होंने यह कदम उठाया। अंजली ने पुलिस से मांग की है कि इन सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। चार बच्चों के भविष्य पर संकट, जांच में जुटी पुलिस सुरेश और मुन्नी बाई के चार बच्चे (तीन बेटियां और एक बेटा) हैं। इनमें से सबसे बड़ी बेटी की हाल ही में शादी हुई है, जबकि बाकी तीनों बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। आंखों के सामने मां का साया उठ जाने और पिता के अस्पताल में होने के कारण इन बच्चों के भविष्य और भरण-पोषण पर संकट खड़ा हो गया है। इस पूरे मामले में पुलिस प्रशासन का कहना है कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है। जमीन विवाद के पुराने रिकॉर्ड, जहर खाने की मुख्य वजह और प्रताड़ना के आरोपों की पड़ताल की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य और सबूत सामने आएंगे, उसके आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
