छतरपुर जिले के बड़ामलहरा के बमनौरा कलां में जमीन विवाद को लेकर एक बेटे ने अपनी 50 वर्षीय मां की हत्या कर दी। घटना शनिवार रात की है, लेकिन इसका खुलासा रविवार को हुआ कि हत्यारा बेटा है। बमनौरा कलां निवासी सुनती बाई अपने दो बेटों के साथ रहती थीं। वह धार्मिक स्थलों पर लोगों से मिलने वाली मदद से परिवार का भरण-पोषण करती थीं। उनके नाम कृषि भूमि थी। इसी जमीन को बेचने को लेकर बेटे जाहर उर्फ रंगाराव अहिरवार से उनका विवाद चल रहा था। जाहर जमीन बेचना चाहता था, जबकि सुनती बाई इसका विरोध कर रही थीं। इसी बात को लेकर जाहर ने पहले पत्थर से हमला किया, फिर लोहे की रॉड से सिर पर वार किया हमले के समय घर में अकेली थी शनिवार रात करीब 11 बजे सुनती बाई और जाहर घर में अकेले थे। जाहर का बड़ा भाई जगदीश अहिरवार उस समय घर पर नहीं था। आरोप है कि इसी दौरान जाहर ने मां पर हमला किया। उसने पत्थर से मारपीट की, जिससे सुनती बाई के हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। इसके बाद उसने लोहे की रॉड से सिर पर वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुनती बाई की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बमनौरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर महिला को खून से लथपथ पाया। जांच के बाद उसकी मौत की पुष्टि हुई। शराब पीने का आदी है आरोपी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। सीएफएसएल (CFSL) टीम ने मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया और कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार जाहर उर्फ रंगाराव शराब पीने का आदी बताया जा रहा है। जमीन विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। चौकी प्रभारी रामटोरिया राजकपूर सिंह बघेल ने बताया कि सुनती बाई अहिरवार की हत्या उनके बेटे जाहर उर्फ रंगाराव अहिरवार ने की है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे नियमानुसार सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक अपनी मां के साथ मारपीट कर रहा है। जब पुलिस पहुंची तो महिला की मौत हो चुकी थी, उसका बेटा शव के पास ही बैठा था। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में जांच की जा रही है।
