जबलपुर में शुक्रवार रात पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान डॉक्टर का लोगो लगी कार से 10 किलो गांजा बरामद किया। कार में कांच पर डॉक्टर का लोगो भी बना हुआ था। कार चालक उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए मध्यप्रदेश में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह जबलपुर से होते हुए किसी अन्य जिले की ओर जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर खमरिया थाना पुलिस ने अमझर घाटी के नीचे वाहन चेकिंग शुरू की और कार का पीछा किया। पुलिस को देखकर चालक कार लेकर भागने लगा। इस दौरान वह रास्ता भटक गया और अंधेरे का फायदा उठाकर कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें 10 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब चालक की तलाश कर रही है। मुखबिर से मिली थी गांजा लाने की सूचना
जबलपुर एसपी संपत उपाध्याय के निर्देश पर सीएसपी सतीश कुमार साहू के नेतृत्व में खमरिया थाना पुलिस की टीम शुक्रवार रात अमझर घाटी के नीचे वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान प्रधान आरक्षक आरती सोनकर को मुखबिर से सूचना मिली कि एक कार में लाखों रुपए का गांजा जबलपुर शहर लाया जा रहा है। इसे शहर के अलग-अलग इलाकों में खपाया जाना था। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने चेकिंग शुरू की। छत्तीसगढ़ नंबर की कार में मिला गांजा
सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि पुलिस ने कार नंबर CG04-HB6745 को जब्त किया है। कार के कांच पर डॉक्टर का लोगो बना हुआ था। चालक उड़ीसा से गांजा लेकर छत्तीसगढ़ होते हुए एमपी की सीमा में दाखिल हुआ था। जबलपुर होते हुए वह किसी अन्य जिले की ओर जा रहा था। पुलिस ने काफी दूरी तक कार का पीछा किया और उसे जब्त कर लिया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर बैठे जानवर को भी मारी टक्कर
सीएसपी ने बताया कि भागने के दौरान कार चालक ने सड़क पर बैठे एक जानवर को भी टक्कर मार दी थी, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने भी काफी दूर तक कार का पीछा किया था। बाद में पुलिस ने कार को जब्त कर तलाशी ली। इसमें करीब 10 किलो गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 1 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अब कार चालक की तलाश में जुटी हुई है।
