जबलपुर जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। कटनी से जबलपुर आ रही तेज रफ्तार यात्री बस गोसलपुर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में 50 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिनमें 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना सुबह करीब साढ़े 10 बजे एनएच 30 पर हुई। बताया जा रहा है कि बस ने आगे चल रहे गेहूं से भरे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बस भी अनियंत्रित होकर पलट गई। घटना की सूचना घायलों के परिजनों को भी दे दी गई है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोसलपुर और सिहोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डायल 108 व निजी वाहनों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। छह घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया घायलों का इलाज सिविल अस्पताल सिहोरा और मेडिकल कॉलेज में जारी है। पुलिस के मुताबिक 18 घायलों का इलाज गोसलपुर में, 21 का सिहोरा अस्पताल में, जबकि 6 गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। गोसलपुर थाना प्रभारी गाजीवती पुषाम के अनुसार बस चालक की लापरवाही से हादसा हुआ है। ओवरटेक करने के प्रयास में बस ट्रैक्टर से जा टकराई। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
