जबलपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरेला थाना क्षेत्र के नागाघाटी में सोमवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्राला ने आगे चल रही अर्टिगा कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के अनुसार, कार में सवार सभी लोग रायपुर में एक सगाई समारोह में शामिल होकर अपने घर उमरिया जिले के चंदिया लौट रहे थे। यह हादसा बरेला थाना अंतर्गत शारदा मंदिर नागाघाटी के पास, मंगलायतन कॉलेज के सामने मुख्य मार्ग पर हुआ। मंडला की तरफ से आ रही अर्टिगा गाड़ी में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे के कारण कुछ देर प्रभावित रहा यातायात इस सड़क हादसे में सीधी निवासी पप्पू उर्फ राजेश शर्मा की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, कार में सवार अनिल शर्मा, पंकज शर्मा और अनिल द्विवेदी सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। कार में पीछे बैठा एक अन्य व्यक्ति सुरक्षित बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही बरेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला। हादसे के कारण हाईवे पर यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा।
