चुनाव आयोग ने 6 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में वोटर लिस्ट के स्पेशल समरी रिवीजन की घोषणा की है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन और दीव, मिजोरम, ओडिशा और सिक्किम शामिल हैं। इस प्रक्रिया का मकसद योग्य मतदाताओं को सूची में शामिल करना है। इसमें खासतौर पर युवा और पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं पर ध्यान दिया जाएगा। ड्राफ्ट मतदाता सूची 30 नवंबर को जारी होगी। फाइनल लिस्ट 21 जनवरी 2027 को जारी होगी। SSR प्रक्रिया उन लोगों से एडवांस आवेदन लेने की सुविधा भी देगा, जो 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 को मतदान के योग्य हो जाएंगे। क्या है स्पेशल समरी रिवीजन? स्पेशल समरी रिवीजन के तहत मौजूदा वोटर लिस्ट को अपडेट किया जाता है। इसमें नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़े जाते हैं और मतदाता सूची में मौजूद गलतियों को ठीक किया जाता है। यह स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) से अलग प्रक्रिया है। SIR में मतदाताओं का घर-घर जाकर सत्यापन किया जाता है, जबकि SSR में मौजूदा मतदाता सूची को आधार बनाकर उसमें बदलाव किए जाते हैं। 18 साल के होने वाले युवा भी कर सकेंगे आवेदन इस प्रक्रिया में ऐसे युवा भी पहले से आवेदन कर सकेंगे, जो 2027 में 18 साल की उम्र पूरी करेंगे। इसके लिए चुनाव आयोग ने 1 अप्रैल, 1 जुलाई और 1 अक्टूबर 2027 की तारीखों को पात्रता के आधार के तौर पर शामिल किया है। इससे इन तारीखों पर वोटर बनने के योग्य होने वाले युवाओं को पहले से आवेदन करने की सुविधा मिलेगी। राज्यों को कर्मचारियों और संसाधनों की व्यवस्था करने के निर्देश चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को निर्देश दिया है कि वोटर लिस्ट अपडेट करने की प्रक्रिया के लिए पर्याप्त कर्मचारी और संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, ताकि रिवीजन का काम तय समय में पूरा हो सके।
