रीवा के नौबस्ता चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह 11:30 बजे एक बुजुर्ग उमाकांत मिश्रा की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को मृतक के घर से चंदन का पेड़ चोरी हुआ था, जिसका उन्होंने विरोध किया था। इसी रंजिश के चलते बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया। संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल (SGMH) में शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है और घटना के बाद से फरार मुख्य आरोपी राहुल पाठक की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। शुक्रवार को चोरी हुआ था पेड़, रविवार सुबह की हत्या परिजनों के अनुसार, शुक्रवार को उमाकांत मिश्रा के घर में लगा चंदन का पेड़ बदमाशों ने काटकर चोरी कर लिया था। उमाकांत ने इस कटाई और चोरी का कड़ा विरोध किया था। इसके बाद से ही बदमाश उनसे रंजिश रख रहे थे। इसी रंजिश के चलते रविवार सुबह करीब 11:30 बजे बदमाशों ने उमाकांत पर चाकुओं से जानलेवा हमला कर दिया। खून से लथपथ बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप- पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया मृतक के परिजन अरुण कुमार मिश्रा ने नौबस्ता चौकी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पेड़ चोरी होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत कर खतरे की आशंका जताई थी। अरुण कुमार ने बताया, “हमारे परिवार ने पहले ही खतरे की आशंका जताई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। यह घटना बेहद दुखद है और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जानी चाहिए।” परिजनों का कहना है कि अगर पुलिस समय पर ठोस कार्रवाई करती, तो हत्या को रोका जा सकता था। पोस्टमार्टम जारी, घटना के बाद से आरोपी की तलाश दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है, जहां फिलहाल यह प्रक्रिया चल रही है। थाना प्रभारी घनश्याम मिश्रा ने बताया, “घटना की जांच की जा रही है। आरोपी राहुल पाठक है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।” रविवार सुबह घटना के बाद से ही आरोपी राहुल फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
