भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के झिरन्या में साल 2022 के दौरान एक युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले में बुधवार को कोर्ट ने फैसला सुनाया। 10 वर्षीय बच्चे की गवाही पर मां और उसके प्रेमी को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। अवैध संबंधों में आड़े आ रहे पति को रास्ते से अलग करने के लिए महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को घर में ही मौत के घाट उतार दिया था और लाश को घर के समीप गड्ढे में फेंक पुलिस को गुमराह किया था, लेकिन घटना को घर में मौजूद बच्चे ने खुद आंखों से देखा था कि किस तरह मम्मी ने अन्य युवक के साथ मिलकर हत्या की। वह कोर्ट में बोला- मां की सूरत नहीं देखना, मेरे पापा को मारा है। 24 दिसंबर 2022 को भैरवगढ़ थाना क्षेत्र के झिरन्या गांव में हुए हत्याकांड का यह मामला है, जिसमें पंचम अपर सत्र न्यायाधीश राकेशकुमार शर्मा ने जितेंद्र बंजारा की हत्या में उसकी पत्नी पूजा 26 साल, प्रेमी राकेश कुशवाह 28 साल और सहयोगी ईश्वरसिंह बंजारा को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए सेंट्रल जेल भेज दिया।
