देश के सबसे स्वच्छ और सुरक्षित शहरों में गिने जाने वाले इंदौर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर के गर्ल्स डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने गुरुवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कॉलेज परिसर और आसपास बढ़ रही असामाजिक गतिविधियों की शिकायत की तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई। छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज के बाहर कुछ असामाजिक तत्व रोजाना उनका पीछा करते हैं, अभद्र टिप्पणियां करते हैं और अश्लील इशारों के जरिए उन्हें परेशान करते हैं। उन्होंने बताया कि कई युवक मोबाइल पर अश्लील फोटो और वीडियो दिखाते हैं तथा सार्वजनिक स्थानों पर अशोभनीय हरकतें करते हैं, जिससे छात्राओं में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। छात्राओं के अनुसार कॉलेज में करीब 10 हजार छात्राएं अध्ययनरत हैं, लेकिन उनकी सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि पिछले तीन वर्षों से इस संबंध में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई कुछ समय बाद धीमी पड़ जाती है और स्थिति फिर पहले जैसी हो जाती है। सीसीटीवी कैमरे, पेट्रोलिंग और स्थायी सुरक्षा की मांग छात्राओं ने प्रशासन से कॉलेज परिसर और आसपास नियमित पुलिस पेट्रोलिंग, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, महिला पुलिस की तैनाती तथा आरोपियों के खिलाफ सख्त और स्थायी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त करना उनका अधिकार है और इसके लिए प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने चाहिए। कलेक्टर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन मामले को लेकर कलेक्टर शिवम वर्मा ने कहा कि छात्राओं की शिकायत गंभीर है और इसे प्राथमिकता से लिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देने की बात कही।
