Homeमध्यप्रदेशकॉन्स्टेबल पत्नी का दावा-विरोध किया तो रेंजर ने पीटा:रीवा की होटल में...

कॉन्स्टेबल पत्नी का दावा-विरोध किया तो रेंजर ने पीटा:रीवा की होटल में युवती के साथ पकड़ा था; अब मारपीट का वीडियो भी सामने आया

रीवा के एक होटल के कमरे से शुरू हुआ विवाद अब कथित मारपीट के CCTV वीडियो, घरेलू हिंसा के आरोप और चोरी की FIR तक पहुंच गया है। कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय ने दावा किया कि उन्होंने 15 जून को पति रेंजर बृजेन्द्र पांडेय को एक युवती के साथ होटल में पकड़ा था। इसके बाद उनके खिलाफ कार, दो लाख रुपए नकद और आईफोन चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई। भारती ने 17 अगस्त 2025 का एक CCTV फुटेज भी उपलब्ध कराया है, जिसमें सरकारी आवास के भीतर उनके साथ कथित मारपीट दिखाई दे रही है। उनका आरोप है कि पति की दूसरी महिलाओं से बातचीत का विरोध करने पर अक्सर विवाद होता था, जिससे रिश्तों में दरार बढ़ती गई। अब होटल में मिली युवती, CCTV वीडियो और दर्ज FIR पूरे मामले को नए सवालों के घेरे में खड़ा कर रहे हैं। दैनिक भास्कर से बातचीत में कांस्टेबल भारती उपाध्याय ने अपने पति रेंजर बृजेन्द्र पांडेय पर मारपीट, प्रताड़ना और दबाव बनाने के लिए झूठी शिकायत दर्ज कराने सहित कई गंभीर आरोप लगाए। पढ़िए, भारती की जुबानी पूरा घटनाक्रम… पहले देखिए मारपीट की 3 तस्वीरें… सामने आया घर में मारपीट का CCTV वीडियो रेंजर और उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी के विवाद के बीच एक CCTV वीडियो सामने आया है। यह वीडियो बरौंधा स्थित सरकारी आवास का बताया जा रहा है। इसमें एक पुरुष और महिला के बीच विवाद, धक्का-मुक्की और हाथापाई जैसी स्थिति दिखाई दे रही है। भारती उपाध्याय का दावा है कि वीडियो में दिख रहा पुरुष उनके पति बृजेन्द्र पांडेय हैं और महिला वह स्वयं हैं। उनके अनुसार यह फुटेज 17 अगस्त 2025 की है। भारती का आरोप है कि पति की दूसरी महिलाओं से बातचीत को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि उनके साथ मारपीट की गई। उन्होंने बताया कि उनकी दो साल की बेटी घर में रहती थी। उसकी सुरक्षा के लिए सरकारी आवास में CCTV कैमरे लगवाए थे। उसी कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। रंगीन मिजाजी के कारण तलाक चाहता है पति भारती का आरोप है कि उनके पति लंबे समय से दूसरी महिलाओं के संपर्क में रहते हैं, जिससे वैवाहिक संबंधों में तनाव बढ़ा। उनका दावा है कि पति उनसे तलाक चाहते हैं और इसी कारण लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब भी उन्होंने पति की गतिविधियों पर सवाल उठाए, विवाद बढ़ गया। कई बार स्थिति मारपीट तक पहुंच गई। भारती उपाध्याय का कहना है कि वह केवल निष्पक्ष जांच चाहती हैं। उनके मुताबिक होटल की घटना, चोरी की शिकायत और घरेलू हिंसा से जुड़े सभी पहलुओं की स्वतंत्र जांच होनी चाहिए। उनके पास कई दस्तावेज, वीडियो और तथ्य हैं, जिन्हें वह जांच एजेंसियों को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं। अब पढ़िए 15 जून का वह घटनाक्रम जब होटल में युवती के साथ पति को पकड़ा भारती उपाध्याय के मुताबिक 15 जून को उन्हें सूचना मिली थी कि उनके पति रीवा हाईवे स्थित होटल रॉयल इन के एक कमरे में किसी युवती के साथ रुके हुए हैं। पति के व्यवहार को लेकर उनके मन में पहले से संदेह था, इसलिए उन्होंने मौके पर जाकर सच्चाई जानने का फैसला किया। भारती का कहना है कि वह होटल पहुंचीं और मोबाइल रिकॉर्डिंग चालू कर संबंधित कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुला तो सामने उनके पति बृजेन्द्र पांडेय खड़े थे। उनके अनुसार पत्नी को अचानक सामने देखकर वह असहज हो गए। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पूछा कि कमरे में और कौन है, तो जवाब मिला कि अंदर कोई नहीं है। संदेह होने पर वह कमरे के भीतर चली गईं। बाथरूम में मिली युवती, फिर मच गया हंगामा भारती का आरोप है कि कमरे की तलाशी के दौरान उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खोला तो वहां एक युवती मौजूद थी। युवती ने बाहर निकलकर भागने का प्रयास किया। भारती का दावा है कि जब उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की तो उनके पति और युवती ने उनके साथ धक्का-मुक्की की। कुछ देर में विवाद बढ़कर होटल परिसर से सड़क तक पहुंच गया। घटना के दौरान होटल के बाहर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। काफी देर तक अफरा-तफरी रही। भारती का आरोप है कि युवती वहां से गुजर रहे एक डंपर में बैठकर निकलने का प्रयास कर रही थी, लेकिन चालक ने उसे साथ ले जाने से इनकार कर दिया। भाई को बुलाकर युवती को भेजने का आरोप भारती का आरोप है कि इसके बाद बृजेन्द्र पांडेय ने अपने भाई शिवेंद्र पांडेय को फोन किया। कुछ देर बाद वह होटल पहुंचे और युवती को साथ लेकर वहां से चले गए। उन्होंने बताया कि उन्होंने दोनों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन ट्रैफिक और भीड़भाड़ के कारण उन्हें पकड़ नहीं सकीं। जब वह वापस होटल लौटीं तो उनके पति भी जा चुके थे। एसयूवी लेकर सतना निकलीं, रास्ते में हुआ हादसा होटल के बाहर बृजेन्द्र पांडेय की एक्सयूवी कार खड़ी थी। भारती का कहना है कि वह वाहन को लावारिस छोड़ना नहीं चाहती थीं, इसलिए उसे लेकर सतना के लिए निकल गईं। रास्ते में गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हालांकि उन्होंने गाड़ी को वापस सड़क पर लाकर सतना तक पहुंचाया। आगे चलकर यही गाड़ी कथित चोरी के मामले का केंद्र बन गई। चोरी की शिकायत पर खड़े हो रहे सवाल होटल विवाद के अगले दिन रेंजर बृजेन्द्र पांडेय की ओर से बरौंधा स्थित सरकारी आवास से कार, दो लाख रुपए नकद और एक आईफोन चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई। भारती इस शिकायत को फर्जी बता रही हैं। उनका कहना है कि पुलिस निष्पक्ष जांच करे तो सच्चाई सामने आ सकती है। भारती के अनुसार 15 जून की रात करीब 2.30 बजे से 17 जून की सुबह लगभग 10.30 बजे तक वाहन सतना के भरहुत नगर स्थित ओप्पो सर्विस सेंटर के सामने खड़ा रहा। वहां लगे CCTV कैमरे इसकी पुष्टि कर सकते हैं। उनका कहना है कि पुलिस CCTV फुटेज जब्त कर जांच करे तो वाहन चोरी की कहानी का सच सामने आ जाएगा। होटल और सर्विस सेंटर के रिकॉर्ड से खुल सकता है राज भारती ने बताया कि 16 जून की रात वह सतना के कोठी रोड स्थित होटल शिवम में रुकी थीं। 17 जून की सुबह उन्होंने महिंद्रा शोरूम से संपर्क कर वाहन को वर्कशॉप भेजने की व्यवस्था की थी। उनका दावा है कि मोबाइल लोकेशन, होटल रजिस्टर, CCTV फुटेज और सर्विस सेंटर रिकॉर्ड की जांच से स्पष्ट हो जाएगा कि वह उस दौरान बरौंधा में मौजूद नहीं थीं। भारती ने दो लाख रुपए चोरी होने के दावे को भी खारिज किया है। उनका कहना है कि वह पिछले तीन वर्षों से पति के साथ रह रही थीं और उन्होंने कभी घर में इतनी बड़ी नकदी नहीं देखी। उन्होंने आरोप लगाया कि घर में आमतौर पर 10 से 20 हजार रुपए ही रखे जाते थे। इससे अधिक राशि रखने की जानकारी उन्हें कभी नहीं मिली। भारती का दावा है कि उनके पति अपनी ज्यादातार अतिरिक्त आय भाई शिवेंद्र पांडेय को देते थे और आर्थिक मामलों का प्रबंधन वही करता था। आईफोन चोरी की कहानी भी बताई मनगढ़ंत भारती का कहना है कि जिस आईफोन की चोरी की शिकायत दर्ज कराई गई है, वह उनके पति के निजी उपयोग में रहता था। उन्होंने सवाल उठाया कि जब वह बरौंधा में थीं ही नहीं, तो मोबाइल चोरी का आरोप उन पर कैसे लगाया जा सकता है। उनका आरोप है कि यह शिकायत दबाव बनाने और उन्हें कानूनी कार्रवाई से पीछे हटाने के लिए दर्ज कराई गई। इससे जुड़ी खबरें भी पढ़ें… कॉन्स्टेबल पत्नी ने रेंजर पति को गर्लफ्रेंड के साथ पकड़ा:रीवा में होटल पहुंचकर किया हंगामा रीवा के एक होटल में सतना जिले के बरौंधा सर्किल में पदस्थ वन परिक्षेत्र अधिकारी (रेंजर) बृजेंद्र पाण्डेय को उनकी कॉन्स्टेबल पत्नी ने एक युवती के साथ पकड़ लिया। घटना के बाद होटल परिसर से लेकर सड़क तक जमकर हंगामा हुआ। पढ़ें पूरी खबर… रेंजर पति का घर खुलवाने थाने पहुंची कॉन्स्टेबल पत्नी:आवेदन को लेकर काफी देर हुई बहस सतना में रेंजर पति और कॉन्स्टेबल पत्नी का विवाद गरमाता जा रहा है। बरौंधा थाने में पदस्थ कॉन्स्टेबल भारती उपाध्याय बुधवार रात ढाई साल की बेटी को लेकर थाने पहुंची। उन्होंने रेंजर पति बृजेंद्र पांडेय के सरकारी आवास का ताला खुलवाने या ताला तोड़ने संबंधी सूचना दर्ज करने के लिए आवेदन देना चाहा। पढ़ें पूरी खबर…

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here