धार जिले के कुक्षी थाना क्षेत्र में सावन के चौथे अंतिम सोमवार को नर्मदा जल लेने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई। हादसे में करीब 20 श्रद्धालु घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बड़वानी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। घटना निसरपुर चौकी क्षेत्र के ग्राम कडमाल से करीब एक किलोमीटर दूर एक पुल पर हुई। श्रद्धालु पुराने चिखलदा की ओर नर्मदा जल लेने के लिए कावड़ यात्रा पर निकले थे। पुल पर पहुंचते ही ट्रैक्टर का स्टीयरिंग फेल हो गया। ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पुल से नीचे गिर गई। 4 तस्वीरें देखिए… लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 30 श्रद्धालु सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही कुक्षी पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को बाहर निकाला। घायल 20 श्रद्धालुओं को प्राथमिक उपचार दिया गया। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़वानी जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
