कटनी जिले के कुठला थाना परिसर में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक शख्स संदिग्ध परिस्थितियों में आग से बुरी तरह झुलस गया। गंभीर हालत में पीड़ित को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पीड़ित की पहचान दलपत पटेल के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां परिजन ने पुलिस पर आरोप लगाए हैं, वहीं पुलिस ने इसे वैधानिक कार्रवाई से बचने और दबाव बनाने के लिए उठाया गया आत्मघाती कदम बताया है। घायल के बेटे ने क्या बताया? घायल दलपत पटेल के बड़े बेटे महेंद्र पटेल ने बताया कि उनके छोटे भाई पर चोरी का आरोप है, जिसके सिलसिले में कुठला थाना पुलिस उनकी मां गुड्डी बाई को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई थी। पिता दलपत पटेल पत्नी की जानकारी लेने थाने पहुंचे थे। महेंद्र का दावा है कि उन्होंने अपने पिता को थाने के अंदर से ही आग से झुलसी हालत में चीखते हुए बाहर आते देखा। पुलिस ने क्या कहा? दूसरी तरफ, पुलिस अधिकारियों ने परिजन के दावों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी बेटा चोरी के मामले में शामिल है और उसी की जांच के सिलसिले में महिला से पूछताछ की जा रही थी। पुलिस के मुताबिक दलपत पटेल पहले से ही अपने साथ पेट्रोल लेकर आए थे और थाना परिसर में घुसते ही उन्होंने खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिस का तर्क है कि निष्पक्ष जांच को प्रभावित करने और कार्रवाई से बचने के लिए यह कदम उठाया गया है। अस्पताल में सुरक्षा कड़ी झुलसे हुए दलपत पटेल का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर निगरानी रख रही है। घटना के बाद थाना परिसर और अस्पताल क्षेत्र में बने तनाव को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।
