Homeमध्यप्रदेशएक घंटे की बारिश में विदिशा की सड़कें बनीं दरिया:जलभराव के साथ...

एक घंटे की बारिश में विदिशा की सड़कें बनीं दरिया:जलभराव के साथ दो घंटे बिजली गुल, नालों पर अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी

विदिशा में शनिवार शाम हुई तेज बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव हो गया। लगभग एक घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण सड़कें दरिया बन गईं और बिजली आपूर्ति भी करीब दो घंटे तक बाधित रही। हालांकि, इस बारिश से लोगों को दिनभर की गर्मी और उमस से राहत मिली। दिनभर की गर्मी के बाद शाम होते ही आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। लगातार बिजली चमकने के बीच हुई इस बारिश ने शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग ने आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव की संभावना जताई है। कई निचले इलाकों में पानी भरा
शहर के नीमताल चौराहा, डंडापूरा, बांसकुली, पुरानी गल्लामंडी, काछी कुआं, लड्ड एजेंसी रोड और रामलीला रोड सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को आवाजाही में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, जिससे कई जगह लंबा जाम लग गया। पुरानी गल्लामंडी क्षेत्र में स्थिति सबसे खराब रही, जहां सड़कें नदी जैसी दिखाई दे रही थीं और नालियों का गंदा पानी सड़कों से होकर घरों में घुस गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह समस्या हर बारिश में उत्पन्न होती है और जल निकासी की अपर्याप्त व्यवस्था इसका मुख्य कारण है। अतिक्रमण हटाने की मांग
लोगों का आरोप है कि नालों की नियमित सफाई नहीं होने और जल निकासी व्यवस्था अधूरी होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और घरों तक पहुंच जाता है। रहवासियों ने बताया कि नगर पालिका ने कुछ हिस्सों में नाले तो बनाए, लेकिन आगे जाकर उन्हें अधूरा छोड़ दिया गया। मंडी क्षेत्र के आगे नालों पर अतिक्रमण होने से पानी की निकासी रुक जाती है। निवासियों ने नालों की सफाई कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है, ताकि जलभराव की समस्या से निजात मिल सके। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वर्षों से इस समस्या को लेकर शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था नहीं सुधरी तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा। बारिश और तेज हवाओं के कारण शहर के कई हिस्सों में पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि कहीं से किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली।

Stay Connected
16,985FansLike
2,458FollowersFollow
61,453SubscribersSubscribe
Must Read
Related News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here