दमोह जिले की नोहटा पुलिस ने उड़ीसा के तीन गांजा तस्करों को पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए तस्करों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। इन आरोपियों के पास से 18 किलो से ज्यादा गांजा मिला है। नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने शुक्रवार शाम इस कार्रवाई का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली थी कि घाट बमोरी इलाके में गांजे की अवैध तस्करी की जा रही है। खबर मिलते ही बड़े अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई और उनके निर्देश पर तुरंत एक टीम बनाकर इलाके में घेराबंदी की गई। ट्रॉली बैग में छिपाकर लाए थे गांजा ये तस्कर एक ट्रॉली बैग में गांजा भरकर उसे बेचने की फिराक में घूम रहे थे। पकड़े गए आरोपियों की पहचान कृष्णचंद्र धल (56 वर्ष), लता साहू (23 वर्ष) और शांति लता प्रधान (21 वर्ष) के रूप में हुई है। ये तीनों ही उड़ीसा के रहने वाले हैं। आरोपी जेल भेजे गए पुलिस ने इनके पास से कुल 18 किलो 520 ग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी बाजार में कीमत दो लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन तस्करों के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
