शहडोल में 23 वर्षीय युवती ने कनिष्क सिंह उर्फ छोटू पर शादी का वादा कर रेप करने का आरोप लगाया है। युवती का दावा है कि वह तीन बार गर्भवती हुई और उसका गर्भपात कराया गया। युवक ने उसके अश्लील वीडियो और चैट्स मंगेतर को भेज दिए, जिससे उसकी शादी टूट गई। युवती ने आरोपी और उसके परिजनों पर परिवार को गोली मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है। एसपी के मुताबिक, शिकायत पर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला बुढ़ार थाने भेजा गया है। इंस्टाग्राम से पहचान, शादी का वादा कर बनाए संबंध युवती की शिकायत के अनुसार, उसकी पहचान 2023 में इंस्टाग्राम के जरिए कनिष्क सिंह से हुई थी। जनवरी 2024 से दोनों के बीच बातचीत और प्रेम संबंध शुरू हुए। युवती का आरोप है कि युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था। युवती ने बताया कि 29 अक्टूबर 2024 को युवक उसे ग्राम कुनहरी में प्रेमलाल शर्मा उर्फ बाबू शर्मा के खाली बाड़े में ले गया था। वहां शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी वह शादी का वादा कर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा, लेकिन बाद में शादी से मुकर गया। गर्भवती होने पर गर्भपात की गोलियां खिलाई युवती ने शिकायत में आरोप लगाया कि संबंधों के दौरान वह तीन बार गर्भवती हुई। उसके मुताबिक, युवक ने उसे गर्भपात की गोलियां दीं, जिन्हें खाने के बाद गर्भपात हो गया। युवती ने बताया कि एक बार ढाई महीने से अधिक का गर्भ ठहरने पर युवक उसे बुढ़ार में एक डॉक्टर के पास ले गया था।
वहां गर्भपात के लिए 40 हजार रुपए मांगे जाने का आरोप है। इसके बाद शहडोल में एक अन्य डॉक्टर के यहां गर्भपात कराए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है। इन दावों की पुष्टि मेडिकल रिकॉर्ड और जांच से हो सकेगी। संबंधित डॉक्टरों का पक्ष सामने नहीं आया है। अश्लील वीडियो फर्जी आईडी पर किए पोस्ट युवती का आरोप है कि कनिष्क ने शारीरिक संबंध बनाते समय उसके अश्लील वीडियो बना लिए थे।आरोपी ने उसके नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाई और उस पर वीडियो पोस्ट किए। आरोपी ने ये वीडियो मुझे भी भेजे थे। शहडोल के पारुल पैलेस में भी अश्लील वीडियो बनाए है। युवती ने कहा कि विरोध करने पर आरोपी ने मेरे साथ मारपीट की और वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इसी दबाव में आरोपी ने कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए। इन आरोपों की पुष्टि डिजिटल साक्ष्यों और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। मंगेतर को वीडियो और चैट्स भेजे, रिश्ता तुड़वाया युवती के मुताबिक, बाद में उसके परिवार ने उसकी शादी तय की थी। आरोप है कि कनिष्क ने उसके अश्लील वीडियो और चैट्स उस रिश्ते से जुड़े लोगों तक पहुंचा दिए, जिसके कारण शादी टूट गई। युवती का कहना है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के अनुसार, युवती लगातार युवक से शादी करने के लिए कहती रही, लेकिन युवक और उसके परिवार की ओर से शादी से इनकार किया जाता रहा। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि युवक उस पर शक करता था, उसकी गतिविधियों पर नजर रखता था और उसके साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करता था। छत के रास्ते घर में घुसकर मोबाइल ले जाने का आरोप युवती ने शिकायत में 27 दिसंबर 2025 की घटना का जिक्र किया है। उसके अनुसार, कनिष्क छत के रास्ते उसके घर में घुसा और उसका मोबाइल फोन लेकर चला गया। युवती का दावा है कि वह मोबाइल वापस लेने आरोपी के घर पहुंची थी, लेकिन वहां उसे धमकाकर भगा दिया गया।मोबाइल में उसके निजी वीडियो और दूसरी महत्वपूर्ण सामग्री होने की आशंका थी। मोबाइल की बरामदगी और उसमें मौजूद डेटा की जांच से इस आरोप की पड़ताल हो सकती है। बहनों से रेप और कुचलने की भी धमकी युवती ने आरोप लगाया कि आरोपी उसकी छोटी बहन, जो हायर सेकंडरी की छात्रा है, और बड़ी बहन, जो एक स्कूल में शिक्षिका है, को भी धमकाता है। शिकायत के मुताबिक, बहनों के साथ दुष्कर्म कराने और उन्हें गाड़ी से कुचलवाने जैसी धमकियां दी गईं। युवती ने आरोपी के बड़े भाई हर्ष प्रताप सिंह और पिता विक्रम सिंह पर भी धमकी देने के आरोप लगाए हैं। युवती के अनुसार, हर्ष प्रताप सिंह बुढ़ार जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष और भाजपा से जुड़े नेता हैं। उसने दावा किया कि हर्ष प्रताप कई बार धमकी दे चुके हैं, जबकि पिता की ओर से गोली मारने की धमकी दी गई। युवती बोली- घर से बाहर निकलने में लगता हैं डर युवती का कहना है कि इन घटनाओं से जुड़े कुछ वीडियो उसके पास हैं। शिकायत दर्ज कराने के बाद भी उसे और उसके परिवार को धमकियां मिलने का दावा है। इसी वजह से उसका कहना है कि घर से बाहर निकलने में डर लगता है। उसने परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। संबंधित लोगों का पक्ष सामने नहीं आया है। जीरो एफआईआर के बाद बुढ़ार पुलिस कर रही जांच एसपी डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि युवती ने 12 अक्टूबर 2026 को शहडोल महिला थाने में लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज की और क्षेत्राधिकार के आधार पर मामला बुढ़ार थाने को भेज दिया।
