इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के पॉश इलाके शिव शक्ति नगर स्थित एक आलीशान बंगले में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि इसकी लपटें और काले धुएं का गुबार दूर-दूर से दिखाई दिया। घटना रिवाज गार्डन के ठीक पीछे स्थित एक बंगले की है। दमकलकर्मी लगातार 8 हजार लीटर पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने में सफल हुए। जानकारी के मुताबिक शिव शक्ति नगर स्थित रितेश राजेन्द्र दुबे के बंगला नंबर 5 में करीब 12 बजे आग लगी थी। जिस पर 2 घंटे की मशक्त के बाद काबू पा लिया गया। एसी में शॉर्ट सर्किट के बाद हुआ धमाका शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भीषण गर्मी के चलते बंगले में चल रहे एयर कंडीशनर (AC) में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। शॉर्ट सर्किट के तुरंत बाद एसी में एक जोरदार ब्लास्ट (धमाका) हुआ, जिसने देखते ही देखते पूरे बंगले को अपनी चपेट में ले लिया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। जिंदगी बचाने की जद्दोजहद, घर में फंसे लोग बंगले में जैसे ही आग फैली, अंदर मौजूद परिवार और स्टाफ के बीच अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग की लपटों के कारण लोग अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) को दी। दमकल की गाड़ियों ने मोर्चा संभाला सूचना मिलते ही कनाड़िया थाना पुलिस और दमकल विभाग की कई गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने जान जोखिम में डालकर बंगले में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। सिटी बस डिपो में लगी आग,एक बस जली इंदौर के कृषि कालेज के यहां सिटी बस डिपो में खड़ी बस में गुरुवार को आग लग गई। सूचना के बाद यहां दमकल की एक गाड़ी पहुंची। जिसमें 10 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू किया गया। बताया कि आग करीब 5 बजे के लगभग लगी थी। आग लगने का कारण सामने नहीं आया है। यहां आग कंडम बस में लगने की बात बताई जा रही है। पिछले दिनों भी नवलखा इलाके में 3 बसों में आग लग गई थी।
