दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो की फ्लाइट में सोमवार को 33 साल के यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट के लीवर कवर से छेड़छाड़ की। इससे उड़ान के दौरान अलार्म बज गया और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना फ्लाइट 6E6884 में हुई। पुलिस के मुताबिक, यात्री गौरव सत्येंद्र राउतेला पुणे के सासवड का रहने वाला है और इमरजेंसी एग्जिट के पास बैठा था। क्रू मेंबर की शिकायत पर केस दर्ज फ्लाइट ने सोमवार रात करीब 12.45 बजे दिल्ली से उड़ान भरी थी। यह करीब 2 बजे पुणे पहुंची। क्रू मेंबर की शिकायत पर यात्री के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने राउतेला को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 35(3) के तहत नोटिस दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, टेकऑफ के कुछ समय बाद यात्री ने इमरजेंसी एग्जिट के दरवाजे के लीवर कवर से कथित तौर पर छेड़छाड़ की। इसके बाद अलार्म बज गया। पैसेंजर की सफाई- उसे नहीं पता था एयरपोर्ट पुलिस स्टेशन के सीनियर इंस्पेक्टर गोविंद पवार ने बताया कि पूछताछ में राउतेला ने अपनी सफाई दी। उसने कहा कि उसने जिज्ञासा के चलते कवर को छुआ था। राउतेला ने पुलिस को बताया कि उसे नहीं पता था कि यह कवर इमरजेंसी एग्जिट से जुड़ा है। पुलिस ने कहा कि इमरजेंसी एग्जिट के सिस्टम से छेड़छाड़ दूसरे यात्रियों की जान और सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है। क्रू मेंबर की शिकायत के आधार पर पुलिस ने राउतेला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 के तहत केस दर्ज किया है। यह धारा लापरवाही या उतावलेपन से ऐसा काम करने पर लगती है, जिससे किसी की जान या निजी सुरक्षा खतरे में पड़े। पुलिस ने उसके खिलाफ एयरक्राफ्ट एक्ट की धाराएं भी लगाई हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे जांच की जा रही है। —————————- ये खबर भी पढ़ें:
