रतलाम के लक्कड़पीठा स्थित यूको बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी ने 40 लोगों (ग्राहकों) के साथ धोखाधड़ी कर एफडी (फिक्सड डिपोजिट) तुड़वाकर 85 लाख से अधिक राशि ठग ली। कर्मचारी के इस षड्यंत्र में बैंक का पूर्व मैनेजर भी शामिल रहा। आउटसोर्स कर्मचारी ने ग्राहकों की एफडी तुड़वाकर अपने व अपने परिचितों के खाते में राशि जमा कर ली। पुलिस ने आउटसोर्स कर्मचारी, बैंक के पूर्व मैनेजर समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया 30 जून को दिनेश बंजारा यूको बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर पिता मांगीलाल राठौर निवासी त्रिमूर्ती नगर के खिलाफ रिपोर्ट कराई थी। मोबाइल एप से एफडी तुड़वाकर निकाली राशि दिनेश ने बताया कि बैंक के आउटसोर्स कर्मचारी ने मेरे व अन्य लोगों की एफडी को मोबाइल एप के माध्यम से तोड़कर एफडी की राशि स्वयं के खाते में जमा कर ली। बाद में स्वयं के खाते से निकालकर परिचितों के खातों में जमा कराई। आउटसोर्स कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज कर मामला जांच में लिया तो शिकायत सही पाई। दिनेश बंजारा ने बताया कि 14 मई को यूको बैंक की लक्कड़पीठा ब्रांच में गए। वहां पर बैंक का कर्मचारी बताने वाला राहुल राठौर मिला। खाता खुलवाने के लिए उसे 72,500 रुपए दिए। उसने रुपए जमाकर सील लगी रसीद भी दे दी। उसने कहा कि तीन-चार दिन बाद आकर पासबुक व एटीएम कार्ड भी ले जाना। पासबुक मिली तो वह बैंक से 72,500 रुपए निकालने गए। तब आउटसोर्स कर्मचारी ने बताया खाते में सिर्फ ढाई हजार रुपए जमा है। तब उन्हें अंदेशा हुआ कि कर्मचारी राहुल ने उनके साथ ठगी की है। शिकायत के बाद अन्य लोग भी सामने आए
आउटसोर्स कर्मचारी की करतूत के बारे में पता चलने पर अन्य लोग भी सामने आए। पुलिस को शिकायत की। पुलिस ने दिनेश बंजारा द्वारा कराई गई रिपोर्ट में अन्य लोगों के नाम जोड़ जांच की। ऐसे 40 लोग सामने आए जिनकी 20 हजार से 1 लाख से 5 लाख तक की एफडी को तोड़कर आउटसोर्स कर्मचारी ने धोखाधड़ी से करीब 85 लाख से अधिक की राशि ठग ली। राशि अपने खाते में जमा कर ली। फिर अपने जीजा व अन्य परिचितों को लालच देकर इन लोगों के खाते में रुपए जमा करा दिए। बैंक का पूर्व मैनेजर भी गिरफ्तार पुलिस ने जांच की तो ठगी के इस खेल में यूको बैंक का पूर्व मैनेजर त्रिलोक (37) पिता सीताराम झा निवासी ग्राम सुरवी जिला मधुबनी बिहार हाल मुकाम मिडटाउन कालोनी रतलाम भी शामिल रहा। वर्तमान में यह गुजरात के वड़ौदरा में पदस्थ है। पुलिस ने पूर्व मैनेजर समेत आउटसोर्स कर्मचारी राहुल राठौर, इसके जीजा मुकेश पिता शंकरलाल राठौर निवासी सिद्धार्थ नगर रतलाम समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। राहुल का 9 तक पुलिस रिमांड मिला है। जबकि 6 आरोपियों को जेल भेज दिया है। लालच देकर खातों में जमा कराई राशि
माणकचौक थाना प्रभारी विक्रमसिंह चौहान ने बताया कि ठगी के इस खेल में बैंक का पूर्व मैनेजर व आउटसोर्स कर्मचारी मुख्य है। आउटसोर्स कर्मचारी ने ठगी की राशि पहले अपने खाते में फिर बैंक के पूर्व मैनेजर समेत अपने परिचितों के खाते में रुपए जमा किए। जिन परिचितों के खाते में रुपए जमा कराए उन्हें कुछ रुपए का लालच दिया गया। जो भी आवेदन आ रहे है उसकी जांच कर कार्रवाई की जा रही है। इन्हें किया गिरफ्तार
