भारत के संविधान निर्माता और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती इंदौर जिले के डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में मनाई जा रही है। यहां एक दिन पहले ही महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान सहित देश के कई हिस्सों से अनुयायियों और बौद्ध भिक्षुओं का पहुंचना शुरू हो गया। सोमवार देर रात ठीक 12 बजे काली पलटन स्थित बाबा साहब के जन्म स्मारक पर मान वंदना के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद आतिशबाजी की गई। आसमान रंग-बिरंगी आतिशबाजी से जगमगा उठा, जबकि ‘जय भीम’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी महू पहुंचेंगे। वे यहां बाबा साहब की प्रति पर माल्यार्पण करेंगे। साथ ही सभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी समेत अन्य कांग्रेस नेता भी शामिल होंगे। यहां करीब एक लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की संभावना है। सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ है, जिससे शहर ‘जय भीम’ के नारों से गूंज रहा है। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए हैं। अनुयायियों के लिए व्यापक इंतजाम स्मारक समिति के सचिव राजेश वानखेड़े ने बताया कि गर्मी के मद्देनजर परिसर में कारपेट बिछाए गए हैं और ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। महाराष्ट्र के मुंबई, नासिक और औरंगाबाद जैसे शहरों से बड़ी संख्या में लोग महू पहुंचे हैं। प्रशासन ने की ठहरने और भोजन की व्यवस्था एसडीएम राकेश परमार ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से आने वाले अनुयायियों के लिए रुकने और भोजन के व्यापक प्रबंध किए गए हैं। आयोजन में इस वर्ष एक लाख से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद जताई गई है।
